देश की खबरें | विजयन ने तुषार गांधी से जुड़ी घटना को लेकर संघ परिवार पर निशाना साधा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बृहस्पतिवार को महात्मा गांधी के परपौत्र तुषार गांधी पर राज्य में एक दिन पहले ‘‘संघ परिवार के कथित हमले’’ की कड़ी निंदा की।

तिरुवनंतपुरम, 13 मार्च केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बृहस्पतिवार को महात्मा गांधी के परपौत्र तुषार गांधी पर राज्य में एक दिन पहले ‘‘संघ परिवार के कथित हमले’’ की कड़ी निंदा की।

विजयन ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हस्तियों के केरल दौरे को रोकने के प्रयासों के खिलाफ चेतावनी भी दी।

संघ परिवार से कथित रूप से जुड़े लोगों के एक समूह ने बुधवार शाम नेय्याट्टिनकारा में एक समारोह के अंत में तुषार गांधी के खिलाफ नारे लगाए। इस घटना के एक दिन बाद विजयन ने कहा कि इस कृत्य के पीछे जो लोग हैं उनकी मानसिकता महात्मा गांधी की हत्या करने वालों से अलग नहीं है।

मुख्यमंत्री विजयन ने एक बयान में कहा, ‘‘यह अत्यंत निंदनीय है। लोकतांत्रिक समाज में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबाने वाली कार्रवाइयों की अनुमति नहीं दी जा सकती। ऐसी प्रवृत्तियों के खिलाफ कानूनी और लोकतांत्रिक उपाय किए जाएंगे।’’

विजयन ने इस तरह के कृत्यों को अलग-थलग करने और उन्हें खारिज करने के लिए पूरे समाज में जनमत को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि नेय्याट्टिनकारा में तुषार गांधी ने चिंता व्यक्त की थी कि ‘‘राष्ट्र की आत्मा सांप्रदायिकता के कैंसर से ग्रस्त हो रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी संस्कृति विरोधी विचारों का भी सम्मान करती है। संघ परिवार उसी संस्कृति को कलंकित कर रहा है। उकसावे में आए बिना तुषार गांधी ने बस 'जय गांधी' का नारा लगाया और चले गए। केरल में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हस्तियों के दौरे को रोकने के प्रयासों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’’

विजयन ने कहा कि इस घटना के खिलाफ धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक समाज की ओर से कड़ा विरोध होना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘यह किसी भी व्यक्ति, समुदाय या राजनीतिक आंदोलन के लिए चुप रहने का समय नहीं है, जो लोकतंत्र को महत्व देता है। केवल ऐसी जागरूकता और उसके परिणामस्वरूप होने वाले मजबूत सार्वजनिक विरोध के माध्यम से ही हम अपनी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अन्य लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा कर सकते हैं।’’

तुषार गांधी दिवंगत गांधीवादी पी गोपीनाथन नायर की प्रतिमा का अनावरण करने के लिए नेय्याट्टिनकारा गए थे। उन्होंने अपने भाषण में कहा कि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) और लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) का राज्य में एक-दूसरे से लड़ने का लंबा इतिहास रहा है, लेकिन इसके बावजूद एक अधिक खतरनाक और कपटी खतरे को पहचानना होगा - आरएसएस और भाजपा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम भाजपा को हराने में सक्षम होंगे लेकिन आरएसएस जहर है। हमें इसके प्रति बहुत सतर्क रहना होगा क्योंकि अगर यह हमारे देश की परिसंचरण प्रणाली में फैल गया तो सब कुछ खत्म हो जाएगा।’’

पुलिस ने बताया कि संघ परिवार से कथित रूप से जुड़े लोगों के एक समूह ने बुधवार शाम नेय्याट्टिनकारा में एक समारोह के अंत में तुषार गांधी के खिलाफ नारे लगाए। पुलिस ने बताया कि इस संबध में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।

टीवी चैनलों पर प्रसारित दृश्यों में कुछ लोगों का समूह गांधी के खिलाफ नारे लगाते हुए उनसे अपना बयान वापस लेने की मांग करते हुए दिखायी दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now