खेल की खबरें | विजय हजारे : झारखंड की विशाल जीत में चमके किशन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. कप्तान ईशान किशन की 94 गेंद में 173 रन की पारी की बदौलत झारखंड ने शनिवार को यहां विजय हजारे ट्राफी के एलीट ग्रुप बी मैच में मध्य प्रदेश पर 324 रन की विशाल जीत दर्ज की।
इंदौर, 20 फरवरी कप्तान ईशान किशन की 94 गेंद में 173 रन की पारी की बदौलत झारखंड ने शनिवार को यहां विजय हजारे ट्राफी के एलीट ग्रुप बी मैच में मध्य प्रदेश पर 324 रन की विशाल जीत दर्ज की।
बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद झारखंड ने किशन के शतक से नौ विकेट पर 422 रन का पहाड़ सा स्कोर खड़ा किया और फिर मध्य प्रदेश की टीम को 18.4 ओवर में सिर्फ 98 रन पर समेट दिया जिसमें वरूण आरोन (37 रन देकर छह विकेट) ने अहम भूमिका अदा की।
बाईस वर्षीय किशन ने अकेले दम पर मध्य प्रदेश के आक्रमण को तहस नहस कर दिया और अपनी पारी के दौरान 19 चौके और 11 छक्के जड़े।
किशन ने कुमार कुशाग्र (26) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिये 113 रन की भागीदारी निभायी। उनका विकेट गौरव यादव ने झटका।
किशन ने 42 गेंद में 50, 74 गेंद में 100 और 86 गेंद में 150 रन बना लिये थे।
विराट सिंह ने 49 गेंद में 68 और सुमित कुमार ने 58 गेंद में 52 रन का योगदान दिया। आल राउंडर अनुकूल रॉय ने 39 गेंद में 72 रन की पारी खेली और स्कोर 400 रन से आगे पहुंचाया। झारखंड का यह स्कोर किसी भारतीय घरेलू टीम का सर्वोच्च स्कोर है।
आरोन की गेंदबाजी से मध्य प्रदेश की टीम एक समय 21 रन पर पांच विकेट गंवाकर जूझ रही थी। शीर्ष क्रम के लुड़कने के बाद पूरी टीम 98 रन पर सिमट गयी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 20, 2021 04:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

