सोनीपत, तीन मार्च हरियाणा के सोनीपत जिले के धनाना गांव में एक दलित युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। कुछ बदमाशों द्वारा युवक को अर्धनग्न कर पीटने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस घटना को लेकर वाल्मीकि आश्रम-गोहाना में सोमवार को दलित समाज की पंचायत आयोजित की गई, जिसमें समाज के लोगों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की और पुलिस प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम भी दिया।
यह घटना करीब 15 दिन पहले की है जब धनाना गांव का रहने वाला मोनू हथवाला रोड पर गया था, जहां कुछ बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और चोरी का आरोप लगाकर बुरी तरह पीटा।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दो लोग उसके हाथ-पैर पकड़े हुए हैं, जबकि अन्य उसे लाठी-डंडों से पीट रहे हैं और आपत्तिजनक शब्द कह रहे हैं। पीड़ित युवक मोनू बार-बार छोड़ने की गुहार लगा रहा है, लेकिन बदमाशों ने उस पर चोरी का आरोप लगाते हुए उसकी बेरहमी से पिटाई की।
पंचायत ने पुलिस पर लापरवाही करने का आरोप लगाया है। इस घटना को लेकर मोनू और उसके परिवार ने बरोदा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन 15 दिन बीत जाने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस की कथित निष्क्रियता को लेकर वाल्मीकि समाज ने सोमवार को गोहाना में पंचायत बुलाई, जिसमें प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम दिया गया। समाज के लोगों ने कहा कि यदि दोषियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।
मोनू का कहना है कि उस पर चोरी का झूठा आरोप लगाकर जबरन जुर्म कबूल करवाने की कोशिश की गई। वह अपनी बेगुनाही साबित करना चाहता है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY