देश की खबरें | हिंसा प्रभावित मुर्शिदाबाद जिले के पीड़ितों ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल से मुलाकात की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार बृहस्पतिवार को मुर्शिदाबाद में हालिया दंगों के कारण बेघर हुए लोगों के एक समूह को राजभवन ले गए, जहां उन्होंने राज्यपाल सी वी आनंद बोस को अपनी व्यथा सुनाई।
कोलकाता, 17 अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार बृहस्पतिवार को मुर्शिदाबाद में हालिया दंगों के कारण बेघर हुए लोगों के एक समूह को राजभवन ले गए, जहां उन्होंने राज्यपाल सी वी आनंद बोस को अपनी व्यथा सुनाई।
प्रभावित लोगो ने राज्यपाल से उनकी नौकरी, आर्थिक मुआवजे और सुरक्षा के लिए स्थायी केंद्रीय बल व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया।
पीड़ित कथित रूप से हमला किये जाने और अपने घरों से बाहर निकाले जाने के बाद राहत शिविरों में रह रहे हैं। पीड़ितों ने राज्यपाल को बताया कि किस प्रकार उनके सामान लूट लिये गये और घरों, दुकानों तथा संपत्तियों में आग लगा दी गयी, जिससे उन्हें केंद्रीय बलों की मदद से भागने के लिए मजबूर होना पड़ा।
पीड़ितों ने उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आगे हिंसा को रोकने के लिए क्षेत्र में एक स्थायी बीएसएफ शिविर स्थापित करने की मांग की।
उन्होंने राज्यपाल से आग्रह किया कि उन्हें सरकारी नौकरी दिलाने में मदद की जाए, साथ ही आर्थिक मुआवजा भी सुनिश्चित किया जाए ताकि वे अपना जीवन फिर से शुरू कर सकें।
बैठक से पहले राज्यपाल बोस ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह एक संवेदनशील मुद्दा है। मुझे उन पीड़ितों के प्रति पूरी सहानुभूति है जिन्होंने अपने घर और आजीविका खो दी है। मैं उनकी शिकायतें सुनने और एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के लिए उनसे मिलूंगा।’’
बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा, ‘‘ये लोग लक्षित हिंसा के शिकार हैं। राज्य सरकार उन्हें बचाने में विफल रही है।’’
भाजपा पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में बड़े पैमाने पर राजनीतिक हिंसा और अराजकता का आरोप लगा रही है जबकि राज्य सरकार ने ऐसे दावों से इनकार किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)