विदेश की खबरें | उपराष्ट्रपति नायडू ने सेनेगल के राष्ट्रपति से वार्ता की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने बृहस्पतिवार को सेनेगल के राष्ट्रपति मैकी साल के साथ बातचीत की और इस दौरान दोनों देश रक्षा, कृषि, रेलवे, स्वास्थ्य और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर सहमत हुए।
डकार (सेनेगल), दो जून उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने बृहस्पतिवार को सेनेगल के राष्ट्रपति मैकी साल के साथ बातचीत की और इस दौरान दोनों देश रक्षा, कृषि, रेलवे, स्वास्थ्य और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर सहमत हुए।
नायडू बुधवार को तीन देशों की अपनी यात्रा के दौरान दूसरे पड़ाव में सेनेगल पहुंचे थे।
उपराष्ट्रपति तीन देशों-गैबॉन, सेनेगल और कतर की अपनी यात्रा के पहले चरण में सोमवार को गैबॉन पहुंचे थे।
उपराष्ट्रपति सचिवालय ने ट्वीट किया, ‘‘नायडू ने सेनेगल को "हर संभव तरीके" से उसके सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए भारत की निरंतर प्रतिबद्धता का आश्वासन दिया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया, ‘‘उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और राष्ट्रपति मैकी साल ने आज डकार में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। हमारे बीच संबंधों में प्रगति की समीक्षा की गई और कृषि, स्वास्थ्य, रक्षा, रेलवे, ऊर्जा, संस्कृति, आदि में सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की गई।’’
भारत और सेनेगल ने अधिकारियों के लिए वीजा-मुक्त यात्रा, युवा मामलों में सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान से संबंधित तीन समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए।
सेनेगल की राजधानी डकार में स्वास्थ्य राज्य मंत्री, डॉ भारती पवार और सेनेगल के विदेश मंत्री असाता टॉल साल द्वारा समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किये गये और इनका आदान-प्रदान किया गया।
इससे पहले उपराष्ट्रपति ने राजधानी शहर में अटलांटिक तट पर सुबह की सैर की।
उपराष्ट्रपति सचिवालय ने ट्वीट किया, "नायडू ने आज सेनेगल के खूबसूरत शहर डकार में अटलांटिक तट पर सुबह की सैर की। भारत-सेनेगल संबंधों के आगे बढ़ने की काफी संभावनाएं हैं।"
उपराष्ट्रपति की यह यात्रा इस वर्ष भारत और सेनेगल के बीच राजनयिक संबंधों की 60वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है।
नायडू अपने दौरे के अंतिम पड़ाव में चार जून से सात जून तक कतर की यात्रा पर रहेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)