जरुरी जानकारी | त्योहारी मांग, बेहतर उत्पादन से नवंबर में वाहन बिक्री रिकॉर्ड स्तर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. त्योहारों में वाहनों की बढ़ी हुई मांग को पूरा करने के लिए विनिर्माताओं के उत्पादन एवं आपूर्ति बढ़ाने से नवंबर में यात्री वाहनों की बिक्री अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गयी।
नयी दिल्ली, एक दिसंबर त्योहारों में वाहनों की बढ़ी हुई मांग को पूरा करने के लिए विनिर्माताओं के उत्पादन एवं आपूर्ति बढ़ाने से नवंबर में यात्री वाहनों की बिक्री अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गयी।
बीते महीने देश में कुल 3.35 लाख यात्री वाहनों की थोक बिक्री हुई जो अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। यह नवंबर, 2022 के 3.22 लाख वाहनों के आंकड़े से 3.9 प्रतिशत अधिक है।
देश की अग्रणी वाहन विनिर्माता मारुति सुजुकी इंडिया के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (विपणन और बिक्री) शशांक श्रीवास्तव ने कहा, "यह यात्री वाहन खंड के लिए नवंबर में अब तक का सबसे अधिक थोक आंकड़ा है। त्योहारों में बढ़ी हुई मांग और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की उपलब्धता होने से उत्पादन बढ़ने जैसे कारकों ने थोक बिक्री में अहम भूमिका निभाई।"
श्रीवास्तव ने कहा कि इस उछाल के बीच वाहन उद्योग को चालू वित्त वर्ष में 41 लाख से अधिक इकाइयों की बिक्री होने की उम्मीद है। स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहनों (एसयूवी) की मांग में लगातार तेजी बनी हुई है और नवंबर में इस खंड की कुल बिक्री में हिस्सेदारी 50 प्रतिशत से भी अधिक रही।
मारुति ने नवंबर में 1,34,158 यात्री वाहनों की घरेलू बिक्री की जो साल भर पहले के 1,32,395 वाहनों से 1.33 प्रतिशत अधिक है। इसमें आल्टो और एस-प्रेसो जैसी छोटी कारों की बिक्री घटकर 9,959 इकाई रही। इसी तरह बलेनो, सेलेरियो, डिजायर, इग्निस, स्विफ्ट और वैगनआर जैसे मॉडलों की बिक्री भी साल भर पहले के 72,844 से घटकर 64,679 इकाई रही।
हालांकि मारुति के ब्रेजा, अर्टिगा, फ्रॉन्क्स, ग्रैंड विटारा, इनविक्टो, जिम्नी, एस-क्रॉस और एक्सएल 6 जैसे एसयूवी मॉडलों की बिक्री पिछले महीने 49,016 इकाई रही जो नवंबर, 2022 में 32,563 इकाई थी।
देश की दूसरी बड़ी वाहन कंपनी हुंदै मोटर इंडिया ने नवंबर में 49,451 इकाई की घरेलू बिक्री की जो एक साल पहले 48,002 इकाई थी। हुंदै की कुल बिक्री में एसयूवी का योगदान सबसे अधिक 68 प्रतिशत था।
हुंदै मोटर इंडिया के मुख्य परिचालन अधिकारी तरुण गर्ग ने कहा कि वृद्धि की रफ्तार कायम है लेकिन साल के अंत से पहले स्टॉक में कमी करने के रुझान से दिसंबर में थोक बिक्री कम हो सकती है।
उन्होंने वाहनों की कीमतें बढ़ाए जाने के बारे में पूछे जाने पर कहा, "हम अगले कुछ हफ्तों में कीमतों में बढ़ोतरी की मात्रा को अंतिम रूप दे देंगे और हम उपभोक्ताओं पर कम से कम प्रभाव डालने की कोशिश करेंगे।"
घरेलू कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने नवंबर में 39,981 यूटिलिटी वाहनों की थोक बिक्री की जो साल भऱ पहले के 30,238 इकाइयों से 32 प्रतिशत अधिक है।
महिंद्रा एंड महिंद्रा के अध्यक्ष (वाहन खंड) विजय नाकरा ने कहा, "हम अपने एसयूवी पोर्टफोलियो की मजबूत मांग से अपनी वृद्धि को जारी रखे हुए हैं। हालांकि यह एक बढ़िया त्योहारी मौसम रहा लेकिन चुनिंदा हिस्सों में आपूर्ति चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा। हमारी इन चुनौतियों पर लगातार नजर बनी हुई है।"
वहीं, टाटा मोटर्स ने नवंबर में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) समेत 46,143 इकाइयों की बिक्री की जो एक साल पहले के समान महीने के 46,425 इकाई से एक प्रतिशत कम है।
होंडा कार्स इंडिया की घरेलू थोक बिक्री पिछले महीने 24 प्रतिशत बढ़कर 8,730 इकाई हो गई जो साल भर पहले 7,051 इकाई थी।
कंपनी के निदेशक (विपणन और बिक्री) युइची मुराता ने कहा, "हमारी नई एसयूवी एलिवेट को बाजार में बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली है और ग्राहक इसे काफी पसंद कर रहे हैं।"
इस बीच एमजी मोटर इंडिया ने कहा कि नवंबर में उसकी खुदरा बिक्री दो प्रतिशत बढ़कर 4,154 इकाई हो गई। साल भर पहले उसने 4,079 वाहन बेचे थे। कंपनी ने कहा कि कुल बिक्री में ईवी का हिस्सा करीब 30 प्रतिशत रहा है।
वहीं, दोपहिया वाहन खंड में रॉयल एनफील्ड की घरेलू बिक्री 14 प्रतिशत बढ़कर 75,137 इकाई हो गई। कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी बी गोविंदराजन ने नए मॉडलों की पेशकश से यह तेजी बने रहने की उम्मीद जताई।
बजाज ऑटो ने कहा कि नवंबर में उसकी कुल घरेलू बिक्री (दोपहिया और वाणिज्यिक वाहन) 69 प्रतिशत बढ़कर 2,57,744 इकाई हो गई, जो नवंबर 2022 में 1,52,883 इकाई थी।
टीवीएस मोटर कंपनी की घरेलू दोपहिया थोक बिक्री नवंबर में 50 प्रतिशत बढ़कर 2,87,017 इकाई हो गई, जो साल भर पहले 1,91,730 इकाई थी।
होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया की घरेलू थोक बिक्री पिछले महीने 4,20,677 इकाई रही, जो एक साल पहले 3,53,553 इकाई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 01, 2023 08:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

