देश की खबरें | अंबानी के घर के पास विस्फोटकों के साथ मिला वाहन चोरी का निकला, एनआईए ने भी जांच शुरू की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उद्योगपति मुकेश अंबानी के यहां स्थित आवास के पास विस्फोटकों के साथ बृहस्पतिवार को खड़ा पाया गया वाहन पिछले हफ्ते चोरी हो गया था। इसके अंदर से एक पत्र भी मिला है, जिसमें इसे आने वाली चीजों की महज एक झलक बताया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मुंबई, 26 फरवरी उद्योगपति मुकेश अंबानी के यहां स्थित आवास के पास विस्फोटकों के साथ बृहस्पतिवार को खड़ा पाया गया वाहन पिछले हफ्ते चोरी हो गया था। इसके अंदर से एक पत्र भी मिला है, जिसमें इसे आने वाली चीजों की महज एक झलक बताया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है और मुंबई पुलिस की अपराध शाखा से संपर्क किया है।
पुलिस ने बताया कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष, अंबानी के आवास एंटीलिया के पास बृहपतिवार की शाम एक स्कॉर्पियो खड़ी पायी गयी थी, जिसमें ढाई किलोग्राम जिलेटिन की छड़ें रखी हुई थी।
पुलिस ने बताया कि इसके अंदर तैयार विस्फोटक उपकरण नहीं था और न ही डेटोनेटर और बैटरियां थीं।
पुलिस ने बताया कि वाहन की नंबर प्लेट भी अंबानी की सुरक्षा में शामिल एक एसयूवी के समान ही थी। पुलिस को स्कॉर्पियो के अंदर चार नंबर प्लेट मिले जिनमें दो अंबानी परिवार की सुरक्षा में लगे वाहनों से मिलते-जुलते हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वाहन के मालिक ने अपनी स्कॉर्पियो (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) चोरी हो जाने के बारे में पुलिस के पास एक शिकायत दर्ज कराई थी।
सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि एसयूवी बृहस्पतिवार की सुबह वहां खड़ी की गई थी और इसका चालक एक इनोवा में फरार हो गया जो वहां तक साथ आई थी।
स्कॉर्पियो और इनोवा दोनों का नंबर प्लेट भी फर्जी पाया गया था। स्कॉर्पियो का चेचीस नंबर भी खुरच दिया गया था।
अधिकारी ने बताया, ‘‘वाहन के मालिक हिरेन मनसुख ने टीवी पर देखा कि अंबानी के घर के पास पाया गया वाहन उनकी एसयूवी जैसा ही दिख रहा है, जिसके बाद आज दोपहर वह दक्षिण मुंबई में पुलिस आयुक्त कार्यालय गये।’’
उन्होंने बताया, ‘‘उनका (मनसुख का) बयान मुंबई अपराध शाखा की अपराध खुफिया इकाई द्वारा दर्ज किया जाएगा। ’’
ठाणे के रहने वाले मनसुख ने बाद में संवाददाताओं को बताया कि उन्होंने अपने वाहन की स्टीयरिंग जाम होने पर उसे 17 फरवरी को आइरोली मुलंद पुल के पास खड़ा कर दिया था। उस वक्त वह एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
उन्होंने बताया, ‘‘अगले दिन, जब मैं अपना वाहन लाने गया तो वह वहां नहीं दिखा। इसके बाद मैंने करीब चार घंटे तक उसे ढूंढा। मुझे इसके चोरी हो जाने की आशंका हुई, जिसके बाद मैंने विखरोली पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराई। ’’
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘कार से बरामद एक पत्र कथित तौर पर अंबानी, उनकी पत्नी और उनके परिवार को संबोधित है। ’’ यह पत्र हिंदी में है , लेकिन इसे रोमन लिपि में लिखा गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)