देश की खबरें | दिल्ली में 22 मार्च से रात नौ बजे तक टीकाकरण केंद्र संचालित होंगे : सरकार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी में टीकाकरण केंद्र 22 मार्च से रात नौ बजे तक संचालित होंगे। आधिकारिक आदेश के अनुसार यह जानकारी सामने आई है।
नयी दिल्ली, 19 मार्च राष्ट्रीय राजधानी में टीकाकरण केंद्र 22 मार्च से रात नौ बजे तक संचालित होंगे। आधिकारिक आदेश के अनुसार यह जानकारी सामने आई है।
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आदेश की एक प्रति स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने शुक्रवार को एक ट्वीट में साझा की।
उन्होंने ट्वीट किया, "कोविड मामलों में अचानक वृद्धि का संज्ञान लेते हुए, दिल्ली सरकार के सभी अस्पताल अपने परिसर में टीकाकरण स्थलों का संचालन कम से कम रात नौ बजे तक करेंगे। इसे सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त कर्मियों को तैनात किया जाएगा। मैं दिल्लीवासियों को उचित दिशानिर्देशों का पालन करने और सुरक्षित रहने का अनुरोध करता हूं।"
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को इस फैसले की घोषणा की थी।
यह मानते हुए कि दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं, केजरीवाल ने एक डिजिटल संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि यह चिंतित होने की बात नहीं है क्योंकि उन्होंने घोषणा की है कि दिल्ली में दैनिक टीकाकरण की क्षमता को 30,000-40,000 से बढ़ाकर 1.25 लाख खुराक की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा था कि सरकारी और निजी, दोनों तरह के टीकाकरण केंद्रों की संख्या दोगुनी की जाएगी। उनकी संख्या करीब 500 से बढ़ाकर 1,000 की जाएगी। टीकाकरण का समय सुबह नौ से शाम पांच बजे के बजाए अब सुबह नौ बजे से लेकर रात नौ बजे तक होगा।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि दिल्ली में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 607 नए मामले आए, जो ढाई महीने में सबसे अधिक है, जबकि एक और मौत होने से राष्ट्रीय राजधानी में मृतकों की संख्या 10,949 हो गई। महानगर में अब तक संक्रमण के कुल 6,45,632 मामले आ चुके हैं। उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 2,924 हो गई है। अब तक 6.31 लाख लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 19, 2021 07:23 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

