देश की खबरें | उत्तराखंड: सेना में भर्ती का झांसा देकर लोगों को ठगने वाला शातिर गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने सेना में भर्ती का झांसा देकर युवकों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
देहरादून, चार फरवरी उत्तराखंड पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने सेना में भर्ती का झांसा देकर युवकों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी खुद को सेना का अधिकारी बताता था।
उत्तराखंड एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने यहां बताया कि देहरादून स्थित सेना की खुफिया इकाई द्वारा इस संबंध में साझा की गयी सूचना पर कार्रवाई करते हुए फर्जी अधिकारी प्रमोद कुमार उर्फ वासू को सोमवार देर रात यहां चंद्रमणि रोड से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि वासू, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नुक्कड़ क्षेत्र का रहने वाला है।
भुल्लर ने बताया कि सूचना मिलने पर एसटीएफ टीम ने गोपनीय रूप से उन युवकों के बारे में जानकारी इकटठा की, जिनसे धोखाधड़ी हुई थी और उनसे पूछताछ में पता चला कि वासू ने खुद को सेना में अधिकारी बताया था तथा उनसे सेना में समय-समय पर निकलने वाली ड्राइवर जैसे विभिन्न ‘ट्रेडमेन’ के पदों पर नौकरी लगवाने का दावा किया था।
उन्होंने बताया कि आरोपी, युवकों से यहां सेना के एक अस्पताल में भी सेना की वर्दी पहने हुआ मिला था, जिस कारण उन्हें उसकी बात पर भरोसा हो गया था।
अधिकारी के मुताबिक, युवकों ने बताया कि वासू ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर हर युवक से तीन से साढ़े तीन लाख रुपये ऐंठे थे।
ठगी के शिकार युवक परवेज ने बताया कि वासू ने उसे सेना में चालक के पद पर भर्ती होने के लिए एक एडमिट कार्ड भी दिया था और बाद में एक ‘मेरिट’ सूची दिखाकर उसका चयन होने की बात भी कही थी।
परवेज ने बताया कि बाद में उसे पता चला कि वह मेरिट सूची फर्जी थी।
पीड़ित ने बताया कि इस संबंध में उसने वासू के खिलाफ पटेलनगर थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया था।
भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से सेना का एक फर्जी पहचान पत्र, वर्दी, सेना से संबंधित अन्य पोशाकें और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)