देश की खबरें | सीआरआईएफ के तहत उत्तराखंड को 250 करोड़ रुपये की परियोजना मिलेगी

देहरादून, 24 जुलाई केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बताया कि केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (सीआरआईएफ) के तहत प्रदेश को 250 करोड़ रुपये की परियोजना की स्वीकृति प्रदान की जायेगी।

गडकरी ने यह आश्वासन मुख्यमंत्री को नई दिल्ली में एक मुलाकात के दौरान तब दिया जब उन्होंने केंद्रीय मंत्री से सीआरआईएफ के प्रस्तावों पर वित्तीय एवं प्रशासनिक अनुमोदन देने का अनुरोध किया ।

यहां जारी एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, धामी ने केंद्रीय मंत्री से प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में आपदा से क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय राजमार्गों को सुचारू किये जाने के लिए धनराशि का भुगतान करने का भी अनुरोध किया । इसके लिए गडकरी ने बाढ़ क्षति की मरम्मत (एफडीआर) के तहत पुन: प्रस्ताव भेजने को कहा ।

राष्ट्रीय राजमार्ग-109 के सुधार एवं चौड़ीकरण के लिये उत्तराखंड लोक निर्माण विभाग को निर्माण एजेंसी के रूप में नामित किये जाने के मुख्यमंत्री के अनुरोध पर भी गडकरी ने अपनी सहमति दे दी। इसके अलावा, धामी के अनुरोध पर केंद्रीय मंत्री ने मसूरी की महत्वपूर्ण दो लेन की सुरंग परियोजना पर शीघ्रता से कार्य करने के भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने यमुनोत्री धाम को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-123 को दो लेन बनाने के लिए 367.35 करोड़ रुपये की योजना को स्वीकृति देने का भी अनुरोध किया। इस संबंध में उन्होंने कहा कि यह मार्ग चारधाम यात्रा का वैकल्पिक मार्ग है। केंद्रीय मंत्री द्वारा इसकी स्वीकृति जल्द दिये जाने का आश्वासन दिया गया।

धामी के अनुरोध पर गडकरी ने देहरादून रिंग रोड निर्माण कार्य पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश प्राधिकरण के अधिकारियों को दिए ।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने गडकरी को कंडाली (बिच्छु घास) से बने स्टॉल के साथ ही राज्य के अन्य स्थानीय उत्पाद भी भेंट किये।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)