देश की खबरें | उत्तराखंड: रिश्वत में लिये गये नोट निगलने वाला पटवारी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड के देहरादून जिले में सतर्कता निदेशालय की एक टीम द्वारा रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद रिश्वत के नोट निगलने वाले पटवारी गुलशन हैदर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

देहरादून, 29 मई उत्तराखंड के देहरादून जिले में सतर्कता निदेशालय की एक टीम द्वारा रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद रिश्वत के नोट निगलने वाले पटवारी गुलशन हैदर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

आरोपी पटवारी कालसी तहसील में कार्यरत था।

अधिकारियों ने बताया कि हैदर को शिकायतकर्ता से मूल निवास प्रमाणपत्र एवं जाति प्रमाणपत्र बनाने के एवज में सोमवार को दो हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था।

उन्होंने बताया कि वैधानिक कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी ने शिकायतकर्ता से मिले पांच-पांच सौ के चार नोट मुंह में डाले और निगल लिए।

अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद सतर्कता की टीम ने हैदर को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां रिश्वत में लिये गये नोटों की बरामदगी के प्रयास किए गए और चिकित्सकों की राय पर आरोपी का अल्ट्रासाउंड और सीटीस्कैन कराया गया, जिसकी रिपोर्ट अभी नहीं आयी है।

उन्होंने बताया कि मामले की आडियो-वीडियो रिकार्डिंग, रिश्वत के नोट लेने के दौरान आरोपी के हाथों पर लगा रसायन और गवाहों के साक्ष्य के आधार पर आरोपी पटवारी के खिलाफ देहरादून स्थित सतर्कता थाने में मुकदमा दर्ज कर उसे मंगलवार को अदालत में पेश किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि अदालत ने हैदर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया और फिलहाल वह देहरादून जिला कारागार में बंद है।

उन्होंने हैदर को जमानत पर छोड़े जाने के संबंध में सोशल मीडिया पर जारी खबरों को ‘भ्रामक और असत्य’ बताया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now