देश की खबरें | उत्तराखंड :बागेश्वर सीट पर उपचुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों के नाम भाजपा संसदीय बोर्ड को भेजे गए

देहरादून, 12 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तराखंड इकाई ने बागेश्वर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए तीन संभावित उम्मीदवारों की सूची पार्टी के संसदीय बोर्ड को भेज दी है।

बागेश्वर में पांच सितंबर को उपचुनाव होगा और नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो गई है, जो 17 अगस्त तक जारी रहेगी।

भाजपा की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि शीर्ष तीन दावेदारों के नाम राज्य इकाई की चुनाव समिति ने पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड को भेज दिये हैं।

उन्होंने कहा कि भेजे गए नामों पर विचार करने के बाद बोर्ड जल्द ही उक्त सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी के नाम की घोषणा करेगा।

बागेश्वर सीट पर उप चुनाव इस सीट से विधायक और कैबिनेट मंत्री रहे चंदन रामदास का इस साल अप्रैल में निधन होने की वजह से कराया जा रहा है। चंदन रामदास इस सीट से लगातार चार बार भाजपा के टिकट पर निर्वाचित हुए थे।

भट्ट ने बताया कि भाजपा ने 16 अगस्त को नामांकन पत्र दाखिल करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भट्ट के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ता भी नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान भाजपा प्रत्याशी के साथ होंगे।

भट्ट ने कहा कि रामदास ने बागेश्वर के विकास के लिए पूरी जिंदगी काम किया और पार्टी ऐसे प्रत्याशी का चुनाव करेगी, जो उनके अधूरे काम को पूरा कर सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)