देश की खबरें | उत्तराखंड : चंपावत विधानसभा उपचुनाव में एक बजे तक 45 फीसदी से ज्यादा मतदान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड की चंपावत विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए मंगलवार दोपहर एक बजे तक 45 फीसदी से ज्यादा मतदान हो चुका है। चंपावत में किस्मत आजमा रहे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को कांग्रेस की निर्मला गहतोड़ी से कड़ी चुनौती मिल रही है।

देहरादून, 31 मई उत्तराखंड की चंपावत विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए मंगलवार दोपहर एक बजे तक 45 फीसदी से ज्यादा मतदान हो चुका है। चंपावत में किस्मत आजमा रहे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को कांग्रेस की निर्मला गहतोड़ी से कड़ी चुनौती मिल रही है।

सुबह सात बजे से शुरू हुआ मतदान शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। मतदान शुरू होते ही मतदाताओं की लंबी कतारें मतदान केंद्रों में देखी गईं।

चंपावत के जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि दोपहर एक बजे तक 45.49 फीसदी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। प्रदेश के कुमाऊं क्षेत्र में स्थित चंपावत विधानसभा क्षेत्र में 96,213 मतदाता हैं।

उत्तराखंड में फरवरी में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा ने 70 में से 47 सीटें जीतकर प्रदेश में लगातार दूसरी बार सरकार बनाने की उपलब्धि हासिल की थी, लेकिन जीत की अगुवाई करने वाले धामी खुद खटीमा से हार गए थे।

हालांकि, ‘उत्तराखंड फिर मांगे, मोदी-धामी की सरकार’ के नारे के साथ विधानसभा चुनाव लड़ने वाली भाजपा ने एक बार फिर धामी को ही मुख्यमंत्री बनाया। धामी के मुख्यमंत्री बने रहने के लिए शपथ ग्रहण करने से छह माह के भीतर उनका विधायक चुना जाना जरूरी है, जिसकी खातिर वह चंपावत से उपचुनाव लड़ रहे हैं।

धामी ने 23 मार्च को दूसरी बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की थी। उनके उपचुनाव लड़ने का रास्ता साफ करने के लिए कैलाश गहतोड़ी ने 21 अप्रैल को चंपावत के विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था।

चंपावत उपचुनाव के नतीजे तीन जून को घोषित किए जाएंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now