देश की खबरें | उत्तराखंड बाढ़: एक और शव मिला, मृतक संख्या बढ़कर 62 हुई

गोपेश्वर (उत्तराखंड), 19 फरवरी उत्तराखंड के चमोली जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से एक और शव मिला है, जिससे ग्लेशियर टूटने की आपदा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 62 हो गई है। वहीं एनटीपीसी की तपोवन-विशनुगढ़ जलविद्युत परियोजना स्थल पर 13वें दिन भी खोज और बचाव अभियान जारी रहा।

चमोली जिले की पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि एक शव जोशीमठ और पीपलकोटी के बीच हेलंग में अलकनंदा के तट से बृहस्पतिपार देर रात मिला।

पुलिस ने बताया कि शव टीएचडीसी के एक कॉफर बैराज में मिला। पुलिस ने कहा कि इसके साथ ही 7 फरवरी की आपदा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 62 हो गई है जबकि 142 लोग अभी भी लापता हैं।

तपोवन-विष्णुगढ़ जलविद्युत परियोजना के इनटेक टनल से अब तक 13 शव मिल चुके हैं जहां आपदा के बाद से अब तक बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी है।

पुलिस ने बताया कि इसके अलावा, प्रभावित क्षेत्र में विभिन्न स्थानों से 28 मानव अंग भी मिले हैं, जिनमें से एक की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने कहा कि अब तक मिले 62 में से 33 शवों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि अज्ञात शवों के डीएनए को संरक्षित किया जा रहा है।

ऋषिगंगा पर ग्लेशियर टूटने से हिमस्खलन हुआ था, जिससे नदी के किनारे 13.2 मेगावाट की एक जलविद्युत परियोजना ध्वस्त हो गई थी जबकि धौलीगंगा के साथ लगती एनटीपीसी की तपोवन-विष्णुगढ़ जलविद्युत परियोजना को व्यापक नुकसान पहुंचा था।

अमित मनीषा

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)