देश की खबरें | उत्तराखंड : स्कूली छात्रों से भरी बस में आग लगी, पुलिस की तत्परता से अनहोनी टली
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड के चमोली जिले में पुलिस की तत्परता से मंगलवार को एक स्कूली बस में लगी आग में फंसे छात्रों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया और एक बड़ी दुर्घटना होने से टल गयी।
गोपेश्वर, 29 अगस्त उत्तराखंड के चमोली जिले में पुलिस की तत्परता से मंगलवार को एक स्कूली बस में लगी आग में फंसे छात्रों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया और एक बड़ी दुर्घटना होने से टल गयी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर के समीप हल्दापानी में स्थित क्राइस्ट एकेडमी की बस दोपहर में 30 छात्र-छात्राओं को स्कूल से लेकर लौट रही थी कि तभी अचानक उसमें आग लग गयी।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे कर्णप्रयाग के पुलिस उपाधीक्षक अमित सैनी तथा अन्य पुलिसकर्मियों को बस से धुआं निकलता दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत अपना वाहन रूकवाकर बस में सवार सभी बच्चों को आनन-फानन में बाहर निकलवाया जिससे एक बड़ी दुर्घटना होने से टल गयी। सभी बच्चे सुरक्षित हैं।
पुलिस ने बताया कि बाद में बस को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर आग बुझाई गयी। मौके से वाहन चालक को थाने ले जाया गया तथा वाहन स्वामी व विद्यालय प्रबंधन को भी थाने बुलाया गया।
घटना के बाद चमोली के पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने पुलिस को सभी स्कूलों की बसों में मुहैया कराई जाने वाली सुविधाओं की जांच करने के निर्देश दिए हैं जिससे बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।
उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर संबंधित बस व विद्यालय प्रबंधन पर कार्रवाई की जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)