देश की खबरें | उत्तराखंड : किच्छा में किसानों ने किया मुख्यमंत्री धामी का विरोध

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बुधवार को अपने गृह जनपद ऊधमसिंह नगर के किच्छा में किसानों के ज़बरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा।

किच्छा, 13 अक्टूबर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बुधवार को अपने गृह जनपद ऊधमसिंह नगर के किच्छा में किसानों के ज़बरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा।

मुख्यमंत्री धामी अपने भाजपा विधायक मित्र राजेश शुक्ला के जन्मदिन पर 105 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने किच्छा पहुंचे थे।

आक्रोशित किसानों के गुस्से ओर विरोध की आशंका के मद्देनजर यहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने मुख्यमंत्री का विरोध करने पहुंचे कई किसानों को हिरासत में भी लिया और इस दौरान पुलिस और किसानों में धक्कामुक्की भी हुई।

पहले किसानों ने केंद्र सरकार और राज्य सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए मंडी में विरोध प्रदर्शन किया, लेकिन बाद में वे तमाम सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए मुख्यमंत्री के हेलीपेड तक भी पहुंच गए जहां बड़ी मुश्किल से पुलिस ने किसानों को काबू किया।

किसान नेता देवेंद्र सिंह विर्क का कहना है कि भाजपा सरकार ‘हिटलरशाही’ रवैया अपनाये हुए हैं और किसानों की कोई सुध नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यक्रमों का इसी तरह पुरजोर तरीके से विरोध किया जाएगा।

किच्छा से विधायक शुक्ला की धामी से मित्रता बरसों पुरानी है और माना जा रहा है कि विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के लिए शुक्ला के जन्मदिन को चुनकर मुख्यमंत्री ने उन्हें सौगात दी है।

धामी उधमसिंह नगर जिले की खटीमा सीट से विधायक हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\