उत्तराखंड :दोस्तों के साथ घूमने निकले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
उत्तराखंड के हल्द्वानी में दोस्तों के साथ घूमने निकले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. युवक के पिता ने बेटे के एक दोस्त पर हत्या का संदेह जताते हुए मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने यह जानकारी दी.
हल्द्वानी (उत्तराखंड), 15 जुलाई : उत्तराखंड के हल्द्वानी में दोस्तों के साथ घूमने निकले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. युवक के पिता ने बेटे के एक दोस्त पर हत्या का संदेह जताते हुए मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि हल्द्वानी के लोहरियासाल मल्ला निवासी भुवन चंद्र सुयाल ने पुलिस में शिकायत दी है कि उनका 30 वर्षीय पुत्र कुशाग्र 30 जून को दोपहर एक बजे घर से दोस्तों के साथ घूमने निकला था. शाम तक जब वह नहीं लौटा तो परिजनों ने कई बार उसके नंबर पर फोन किया. लेकिन कुशाग्र ने फोन नहीं उठाया.
सुयाल ने बताया कि रात करीब साढ़े 10 बजे उसके मोबाइल से मैसेज आया कि वह नैनीताल गया है और सुबह घर आएगा. अगले दिन दोपहर लगभग 12 बजे हल्द्वानी के मल्ला गोरखपुर निवासी उसके मित्र रंजन पांडे का फोन आया कि वह कुशाग्र को विवेकानन्द अस्पताल, मुखानी लेकर आया है. यह भी पढ़ें : MP सरकार के खिलाफ बयान देने वाले भाजपा विधायक की शिवराज से मुलाकात
उन्होंने बताया कि सूचना पाकर भुवन चंद्र सुयाल विवेकानंद अस्पताल पहुंचे तो वहां उन्हें कुशाग्र मृत मिला. इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया. पुलिस ने बताया कि कुशाग्र के पिता को संदेह है कि रंजन पांडे ने ही किसी द्वेष के चलते कुशाग्र को नशीला पदार्थ खिला दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 15, 2022 05:25 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

