देश की खबरें | उत्तराखंड के भाजपा विधायक पर दुष्कर्म का आरोप, कांग्रेस ने निष्कासन की मांग की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड के एक भाजपा विधायक के खिलाफ पार्टी की एक पूर्व नेता ने दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है जिस पर कांग्रेस ने विधायक को गिरफ्तार करने तथा पार्टी से निष्कासित करने की मांग की है।
देहरादून, दो जुलाई उत्तराखंड के एक भाजपा विधायक के खिलाफ पार्टी की एक पूर्व नेता ने दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है जिस पर कांग्रेस ने विधायक को गिरफ्तार करने तथा पार्टी से निष्कासित करने की मांग की है।
हरिद्वार की एक निचली अदालत के आदेश के बाद बृहस्पतिवार रात हरिद्वार जिले के ज्वालापुर से विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ बहादराबाद पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। विधायक पर दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने संबंधी धाराएं लगाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार महिला ने अपनी तहरीर में कहा है कि विधायक राठौर से उसकी मुलाकात ढाई वर्ष पहले हुई थी और तब उन्होंने उसे भाजपा महिला मोर्चा में शामिल होने को कहा था। ज्वालापुर की पदाधिकारी रह चुकी महिला ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक सत्ता पक्ष का दवाब बनाकर एक झूठे मामले में पहले उसे जेल भी भिजवा चुके हैं।
वहीं प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने इस संबंध में संपर्क किए जाने पर कहा कि आरोप लगाने वाली महिला को डेढ—दो माह पूर्व ही विधायक के खिलाफ षड्यंत्र करते पकड़े जाने के बाद हरिद्वार जिला इकाई द्वारा पार्टी से निष्कासित किया जा चुका है।
कुछ महीने पहले प्रदेश के अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट से भाजपा विधायक महेश नेगी पर भी एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। इस मामले की भी फिलहाल जांच चल रही है।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि पहले भी भाजपा नेताओं के खिलाफ इस तरह के मामले सामने आये हैं, लेकिन प्रदेश की सरकार ने किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने इसे बहुत घृणित मामला बताते हुए सरकार से आरोपी विधायक को तत्काल गिरफ्तार करने तथा पार्टी से निष्कासित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो कांग्रेस इसके खिलाफ जबरदस्त आंदोलन करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 02, 2021 04:35 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

