देश की खबरें | उत्तराखंड विधानसभाध्यक्ष ने कोटद्वार में पुल टूटने पर अधिकारियों से नाराजगी जताई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने शुक्रवार को कोटद्वार में भारी बारिश के कारण टूट गए मालन पुल को लेकर रोष प्रकट करते हुए अधिकारियों से कोटद्वार और भाबर क्षेत्र के बीच जल्द संपर्क स्थापित करने को कहा ।
देहरादून, 14 जुलाई उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने शुक्रवार को कोटद्वार में भारी बारिश के कारण टूट गए मालन पुल को लेकर रोष प्रकट करते हुए अधिकारियों से कोटद्वार और भाबर क्षेत्र के बीच जल्द संपर्क स्थापित करने को कहा ।
पुल के टूटने को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश सरकार ने उसकी जांच के आदेश दे दिए हैं ।
कोटद्वार की विधायक भूषण का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें वह मौके पर खड़ी होकर पुल का निरीक्षण करने के बाद प्रदेश के आपदा प्रबंधन सचिव रंजीत सिन्हा से फोन पर घटना पर रोष प्रकट कर रही हैं ।
भूषण ने सचिव से कहा कि वह पुलों की मरम्मत के बारे में आपदा प्रबंधन विभाग, लोक निर्माण विभाग और जिलाधिकारी को लगातार एक साल से चिटठी लिख रही हैं और हर बैठक में इस ओर ध्यान दिला रही हैं लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया ।
उन्होंने कहा कि पुल के टूटने से उनके क्षेत्र की आधी जनसंख्या का संपर्क टूट गया है और इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान होना चाहिए। भूषण प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता भुवन चंद्र खंडूरी की पुत्री हैं ।
पौड़ी जिले के कोटद्वार में बृहस्पतिवार को भारी बारिश के दौरान मालन नदी पर बने 325 मीटर लम्बे स्पान का पुल बीच से टूटकर नदी में जा गिरा था । इस दौरान पुल से गुजर रहे तीन लोगों में से एक नदी के उफान में बह गया था जबकि दो अन्य घायल हो गए थे ।
राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीम ने गहन तलाशी अभियान चलाकर प्रसन्न कुमार डबराल का शव बरामद कर लिया है । यह शव उत्तर प्रदेश की सीमा के अंदर चतुर्वाला गांव के निकट से बरामद किया गया । प्रशासन ने डबराल के परिजनों को आपदा मद से चार लाख रू की अनुग्रह राशि प्रदान कर दी है ।
प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज पांडे ने कहा कि पुल टूटने के मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)