देश की खबरें | उत्तर प्रदेश: महिला ने पुलिस चौकी के पास आत्मदाह की कोशिश की, हालत स्थिर

संभल, 17 अक्टूबर उत्तर प्रदेश के संभल जिले में बृहस्पतिवार को एक महिला ने पुलिस चौकी के पास आत्मदाह की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि इस घटना में महिला गम्भीर रूप से झुलस गयी।

पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि चौधरी सराय पुलिस चौकी के पास 30 वर्षीय महिला ने आत्मदाह की कोशिश की और उसे बचाने के प्रयास में एक पुलिसकर्मी भी झुलस गया।

उन्होंने बताया कि महिला ने पुलिस चौकी से करीब 100 फुट की दूरी पर आत्मदाह की कोशिश की हालांकि चौकी पर मौजूद कांस्टेबल कपिल संधू और अभिमन्यु ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया, जिसमें संधू का हाथ जल गया।

विश्नोई ने बताया कि महिला ने संभल थाने में तहरीर दी थी कि गुल अजीम नाम के युवक से उसके पिछले दो वर्ष से सम्बन्ध हैं और वह उससे शादी करना चाहती है लेकिन आरोपी उसे धोखा दे रहा है।

उन्होंने बताया कि इस शिकायत पर अपराह्न तीन बजे अजीम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 (शादी और प्यार का झांसा देकर यौन संबंध बनाना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

अधिकारी ने बताया कि थाने में मौजूद महिला निरीक्षक जब आरोपी के घर गई तो पता चला कि जिस व्यक्ति के खिलाफ महिला ने तहरीर दी है वह इस समय पंजाब में काम कर रहा है।

उन्होंने बताया कि महिला उसके बाद फिर थाने आई और पूछा कि पुलिस उसकी शादी उस व्यक्ति से क्यों नहीं करा रही, जिसके बाद उसने आत्मदाह करने की कोशिश की।

विश्नोई ने बताया कि महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

सं. सलीम जितेंद्र

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)