देश की खबरें | गैर भाजपा सरकारों की गलत नीतियों की वजह से गरीब और ‘बीमारू’ राज्य था उत्तर प्रदेश : योगी आदित्यनाथ

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को विपक्षी दलों की पूर्ववर्ती सरकारों की आलोचना करते हुए कहा कि संसाधनों के मामले में संपन्न होने के बावजूद उत्तर प्रदेश पूर्व की गैर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकारों की कुनीति व कुशासन से गरीब और ‘बीमारू’ राज्य बना हुआ था।

गोरखपुर (उप्र) 31 जुलाई उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को विपक्षी दलों की पूर्ववर्ती सरकारों की आलोचना करते हुए कहा कि संसाधनों के मामले में संपन्न होने के बावजूद उत्तर प्रदेश पूर्व की गैर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकारों की कुनीति व कुशासन से गरीब और ‘बीमारू’ राज्य बना हुआ था।

यहां स्थित वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में सोमवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए योगी ने कहा, ‘‘भाजपा की डबल इंजन सरकार ने सुनीति और सुशासन से उत्तर प्रदेश को नई पहचान दी है। आज दुनिया मानती है कि यूपी गरीब व बीमारू राज्य नहीं बल्कि वह प्रदेश है जहां छह साल में साढ़े पांच करोड़ लोग गरीबी की रेखा से ऊपर उठे हैं।’’

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों को सवालों के घेरे में खड़ा करते हुए कहा कि ‘‘लंबे समय तक शासन करने वाली कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी(बसपा) की सरकारों ने जनता को जनहित और विकास की योजनाओं के लाभ से वंचित रखा।’’

योगी ने कहा कि ‘‘कांग्रेस नारा देकर भी गरीबी नहीं हटा पाई। सपा के नारे जातिवाद, परिवारवाद के शिकंजे में भ्रष्टाचार के प्रतीक बन गए। बसपा के हाथी के पेट में पूरा प्रदेश ही समा जा रहा था। इन सबका परिणाम यह रहा कि यूपी पिछड़ता चला गया।’’

उन्‍होंने कहा कि यदि जनता गरीब रहेगी तो प्रदेश व देश समृद्ध नहीं हो सकता।

सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री ने सांकेतिक बटन दबाकर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 5,100 लाभार्थियों के बैंक खातों में 51.52 करोड़ रुपये की धनराशि अंतरित की।

बयान के मुताबिक 250 लाभार्थियों को 50 हजार रुपये की दर से प्रथम किस्त, 2602 लाभार्थियों को 1.50 लाख रुपये की दर से दूसरी किस्त तथा 2248 लाभार्थियों को 50 हजार रुपये की दर से तीसरी किस्त की धनराशि भेजी गई। योगी ने पीएम आवास योजना के 12 लाभार्थियों को आवास की प्रतीकात्मक चाबी भी सौंपी।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में 15 जुलाई से 15 नवंबर तक का समय इंसेफेलाइटिस की दहशत के नाम रहता था; गत 40 वर्षों में 50 हजार बच्चों की मौत हुई थी लेकिन डबल इंजन की सरकार ने इंसेफेलाइटिस का समूल नाश कर दिया है।

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना है कि हर व्यक्ति के पास अपना घर हो। उन्होंने पीएम आवास योजना को प्रधानमंत्री की तरफ से ‘उपहार’ बताते हुए कहा कि किस्त की रकम से समय पर मकान बनवाइए; यदि कोई पैसा मांगे तो सीधे मुझे सूचना दीजिए।

लाभार्थी सम्मेलन को प्रदेश सरकार के मत्स्य विकास मंत्री डॉ संजय निषाद, सांसद रवि किशन शुक्ल, गोरखपुर के महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान ने भी संबोधित किया।

आनन्द

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\