एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | उत्तर प्रदेश : पशुओं की हड्डियां लेकर जा रहे वाहन चालक समेत तीन पर ग्रामीणों का हमला, चार गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मथुरा जिले में ग्रामीणों के एक समूह द्वारा गोवर्धन से जानवरों की हड्डियों को सिकंदराराऊ ले जा रहे वाहन के चालक और दो कथित गोरक्षकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने मारपीट करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया और शेष की तलाश की जा रही है।

देश की खबरें | उत्तर प्रदेश : पशुओं की हड्डियां लेकर जा रहे वाहन चालक समेत तीन पर ग्रामीणों का हमला, चार गिरफ्तार

मथुरा (उप्र), 22 मार्च मथुरा जिले में ग्रामीणों के एक समूह द्वारा गोवर्धन से जानवरों की हड्डियों को सिकंदराराऊ ले जा रहे वाहन के चालक और दो कथित गोरक्षकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने मारपीट करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया और शेष की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि दो गोरक्षकों ने जानवरों की हड्डियों को सिकंदराराऊ ले जा रहे वाहन के चालक पर अवैध गोवंश व्यापार में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए उन्हें घेर लिया। इसके बाद ग्रामीणों के एक समूह के पहुंचने के बाद मामले का रुख पलट गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हड्डियां गोवंश की नहीं थीं और इनका निस्तारण जिले में नगर पंचायत गोवर्धन के स्वच्छता अभियान के तहत एक ठेकेदार द्वारा किया जा रहा था। लेकिन ग्रामीणों ने गोरक्षकों को भी चालक का सहयोगी समझ लिया।

गोवर्धन नगर पंचायत की ओर से रविवार की रात रामेश्वर वाल्मीकि के यहां से कचरा निपटान के लिए जानवरों की हड्डियां लेकर सिकंदराराऊ के ठेकेदार अयूब की फैक्ट्री में पहुंचाने के लिए एक पिकअप (छोटा ट्रक) चालक हामिद अपने दो साथियों कासिम और बर्रू के साथ जा रहा था कि तभी गोवर्धन-छटीकरा मार्ग पर राल गांव के पास खुद को गोरक्षक बताने वाले दो युवकों विकास शर्मा और बलराम ठाकुर ने उन्हें रोक लिया। ये लोग कुछ समझ पाते तब तक ग्रामीणों के एक दल ने उन पर हमला कर दिया।

इस बीच कासिम और बर्रु हमलावर भीड़ से बचने के लिए वहां से भाग गये। हालांकि, चालक और दोनों कथित गोरक्षक भीड़ का शिकार बन गए। ग्रामीणों ने वाहन चालक और दोनों कथित गोरक्षकों को बंधक बना लिया और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए रास्ता जाम कर दिया।

पुलिस अधीक्षक (नगर) मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने मंगलवार को छानबीन के बाद मिली जानकारी के हवाले से बताया कि उक्त हड्डियां गोवंश की नहीं थीं, वे गोवर्धन नगर पंचायत के एक गांव से स्वच्छता अभियान के तहत निपटान के लिए ठेकेदार द्वारा ले जाई जा रही थीं, लेकिन राल गांव के लोगों ने बिना कुछ जाने-समझे कानून हाथ में ले लिया और चालक एवं अन्य से मारपीट की।

उन्‍होंने बताया कि चालक और गोरक्षकों ने 30 लोगों को आरोपी बनाते हुए करीब 150 लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है।

पुलिस उपाधीक्षक सदर प्रवीण मलिक ने बताया कि इस संबंध में वाहन चालक हामिद एवं गोरक्षक विकास की शिकायत पर दो अलग-अलग मामले दर्ज कर गांव के ही भोला (26), मंगल (32), भोला (20) और नौबत (35) को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि वाहन चालक हामिद, कथित गोरक्षक विकास और बलराम को अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 22, 2022 02:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).