देश की खबरें | मुंबई में मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में उत्तर प्रदेश का पुलिसकर्मी गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक पुलिसकर्मी और एक अन्य व्यक्ति को शहर में मादक पदार्थों की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मुंबई, 11 मई मुंबई पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक पुलिसकर्मी और एक अन्य व्यक्ति को शहर में मादक पदार्थों की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक ये दोनों, तस्करों की मदद से मुंबई में कथित तौर पर एक करोड़ रुपये के मादक पदार्थों की आपूर्ति करने का काम कर रहे थे।
मालवानी पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक पुलिस ने इस मामले में कांस्टेबल अमित कुमार सिंह व उसके दोस्त हरमेश कुमार उर्फ महेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी संजू उर्फ टिल्लू की तलाश जारी है।
आरोपी पुलिस कांस्टेबल अमित कुमार सिंह उत्तर प्रदेश के हापुड़ नगर पुलिस थाने में तैनात है। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के मादक पदार्थ तस्कर प्रमोद कालीचरण शर्मा (38) और पश्चिम बंगाल के इस्माइल खान (32) को पिछले महीने मालवानी में गिरफ्तार कर उनके पास से 1.67 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त की गयी थी। पुलिस के अनुसार अमित पर इनका सहयोगी होने का आरोप है।
मालवानी थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक (एपीआई) हसन मुलानी ने कहा, ''कांस्टेबल अमित कुमार और उसके दोस्त हरमेश कुमार ने मादक पदार्थ पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई और हम संजू उर्फ टिल्लू की तलाश कर रहे हैं, जिसने दोनों को नशीला पदार्थ दिया था।''
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन-प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 11, 2022 06:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

