Uttar Pradesh: मामूली विवाद में दो पक्षों में हुई मारपीट में एक की मौत, 11 घायल
जिले के औराई थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चले, जिसमें एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई और 11 अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी.
भदोही (उप्र), 17 अगस्त : जिले के औराई थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चले, जिसमें एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई और 11 अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. औराई के क्षेत्राधिकारी राम लखन मिश्र ने बताया कि इस घटना में जियाउल हक, हसन और सद्दाम तथा उनके पड़ोस में रहने वाले नियाज, बदरे आलम और मुश्ताक के बीच मारपीट हुई. मंगलवार शाम जियाउल हक पक्ष ने अपनी मोटरसाइकिल दूसरे पक्ष के दरवाजे के सामने खड़ी कर दी थी.
उन्होंने बताया कि नियाज पक्ष ने मोटरसाइकिल हटाकर दूसरी जगह खड़ी कर दी. इस बात को लेकर दोनों पक्षों में ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे जमकर चले, जिसमें दोनों तरफ से तीन महिलाएं नजमा, नाजिया और शबनम तथा नौ पुरुष समेत कुल 12 लोग घायल हुए. यह भी पढ़ें : MP में एंबुलेंस न मिलने पर पिता को हाथ ठेले पर बेटा ले गया अस्पताल, Video हुआ Viral
मिश्र ने बताया कि सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जियाउल हक के मामा मोहम्मद कासिम (60) की इलाज के दौरान मौत हो गई. दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से इस संबंध में मामला दर्ज कराया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इलाके में भारी तनाव के चलते अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 17, 2022 01:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

