देश की खबरें | उप्र : पुलिस हिरासत में व्यक्ति की मौत, प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जिले के मितौली पुलिस क्षेत्र के पकरिया गांव निवासी एक व्यक्ति की शुक्रवार शाम को कथित तौर पर पुलिस हिरासत में मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
लखीमपुर खीरी (उप्र), 13 अप्रैल जिले के मितौली पुलिस क्षेत्र के पकरिया गांव निवासी एक व्यक्ति की शुक्रवार शाम को कथित तौर पर पुलिस हिरासत में मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक व्यक्ति को एक मामले में पूछताछ के लिए मितौली पुलिस थाना बुलाया गया था। पुलिस ने बताया कि आशा राम (50) को छह वर्षीय लड़की की हत्या के मामले में पूछताछ के लिये शुक्रवार को पुलिस थाना बुलाया गया था।
पुलिस के मुताबिक लड़की का शव पिछले सप्ताह बरामद किया गया था।
पुलिस ने बताया कि आशा राम ने शुक्रवार देर शाम तेज पेट दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उसे पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हालांकि, मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि थाना में पूछताछ के दौरान पुलिस की बर्बरता के कारण उसकी मौत हुई है।
घटना से आक्रोशित आशा राम के परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार को शव के साथ कस्ता चौराहे पर प्रदर्शन किया।
पुलिस ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक नेपाल सिंह, विभिन्न तहसीलों के पुलिस उपाधीक्षक और अन्य प्रशासनिक अधिकारी उत्तेजित ग्रामीणों को शांत कराने के लिए मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मांग थी कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाये।
प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अनिल सिंह ने पीड़ित परिवार के सदस्यों से बात की। उन्होंने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर विरोध प्रदर्शन समाप्त कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
इस बीच, मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने संवादाताओं को बताया कि परिजनों की शिकायत पर मामले की जांच के आदेश दे दिये गये हैं, जिसकी निगरानी वह स्वयं करेंगे।
साहा ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर मितौली पुलिस की ओर से कोई चूक सामने आई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सं जफर
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 13, 2024 04:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

