देश की खबरें | उत्तर प्रदेश ने 25 करोड़ से अधिक पौधारोपण कर बनाया कीर्तिमान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार को 25 करोड़ से अधिक पौधे लगाकर एक नया कीर्तिमान बनाने का दावा किया है। सरकारी बयान में इसकी जानकारी दी गयी है।
लखनऊ, चार जुलाई उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार को 25 करोड़ से अधिक पौधे लगाकर एक नया कीर्तिमान बनाने का दावा किया है। सरकारी बयान में इसकी जानकारी दी गयी है।
रविवार को जारी एक सरकारी बयान के अनुसार राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने झांसी में 'स्मृति वाटिका' की स्थापना की और वहां पोषक तत्वों और औषधीय गुणों से भरपूर बहुउपयोगी पौधे लगाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किनारे सुलतानपुर में पौधारोपण किया। बयान के अनुसार योगी सरकार ने 2017-18 से 2020-21 तक उत्तर प्रदेश में एक अरब से अधिक पौधे लगाये हैं।
बयान के अनुसार उत्तर प्रदेश में 25 करोड़ पौधे रोपने का रिकॉर्ड शाम पांच बजकर 49 मिनट पर दर्ज हो गया। इसमें कहा गया है कि रात साढ़े आठ बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार राज्य में 25,51,04,004 पौधे रोपे गए।
आदित्यनाथ ने रविवार को ट्वीट किया '' पर्यावरण संरक्षण के प्रति आप सभी की प्रतिबद्धता का ही प्रतिफल है कि आज 'वृक्षारोपण जन आंदोलन' के तहत 25 करोड़ वृक्षारोपण का लक्ष्य पूर्ण हो गया है।'' उन्होंने इस जन आंदोलन में अपार जन सहभागिता के लिए सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया है।
मुख्यमंत्री सुलतानपुर जिले में बल्दीराय तहसील के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पैकेज-3 में आयोजित विशाल वृक्षारोपण अभियान में शामिल होने गए थे। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि नए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर पांच औद्योगिक क्लस्टर बनाए जाएंगे और पूर्वांचल क्षेत्र में औद्योगिक विकास होगा जिससे उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार मिलेगा।
उन्होंने पूर्वी यूपी को न केवल औद्योगिक गलियारा बल्कि पर्यावरण संरक्षण का आधार बनाने का भी आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की, "हमारी सरकार पूर्वांचल एक्सप्रेस वे क्षेत्र के आसपास एक कार्य योजना पर काम कर रही है ताकि उत्तर प्रदेश के युवाओं को अब उत्तर प्रदेश में ही नौकरी मिल सके और राज्य के विकास में वे योगदान दे सके।’’ मुख्यमंत्री ने यहां 100 साल से ज्यादा पुराने बरगद के वृक्ष की पूजा की। बाद में वह पूर्वांचल एक्सप्रेस वे कार्यक्रम स्थल पहुंचे जहां, उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया।
उन्होंने लोगों से अपील की कि हम सबको फलदार, छायादार, इमारती और औषधि वाले पौधे जरूर लगाने चाहिए। जिला प्रशासन की तारीफ करते हुए कहा कि, यहां कोरोना महामारी में हम से बिछड़े हुए लोगों के स्मृति वाटिका बनाया जा रहा है। उन्होंने अनुरोध किया कि, हर जगह इस तरह के वन लगाए जाएं और उनकी स्मृति में पौधारोपण किया जाय। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों और सत्तारूढ़ दल भाजपा के पदाधिकारियों ने भी राज्य में अलग-अलग स्थानों पर पौधरोपण किया।
भारतीय जनता पार्टी राज्य मुख्यालय से जारी बयान के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पार्टी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस 23 जून से पौधारोपण अभियान प्रारम्भ किया जो छह जुलाई तक चलेगा।
आनन्द
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 04, 2021 10:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

