देश की खबरें | उत्तर प्रदेश: जिला पंचायत राज अधिकारी 70 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश पुलिस के सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने मंगलवार को मथुरा की जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) और एक सेवानिवृत्त चालक को 70 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
लखनऊ, चार फरवरी उत्तर प्रदेश पुलिस के सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने मंगलवार को मथुरा की जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) और एक सेवानिवृत्त चालक को 70 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान डीपीआरओ किरण चौधरी और विजेंद्र सिंह के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि सतर्कता अधिष्ठान की आगरा इकाई की टीम ने फरह थानाक्षेत्र के झुडावई ग्राम के प्रधान प्रताप सिंह राना की शिकायत पर यह कार्रवाई की।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, एक मामले में प्रधान की अनियमितता की शिकायत पर मथुरा के जिलाधिकारी ने ग्राम सभा की तीन सदस्यीय समिति गठित की थी और कार्रवाई का निर्देश दिया था।
बयान में बताया गया कि डीपीआरओ किरण चौधरी ने इस मामले में अभिलेख सहित पत्रावली उपलब्ध कराने के लिए ग्राम प्रधान के खिलाफ नोटिस जारी किया था, जिसके जवाब में सभी जानकारियों उपलब्ध करा दी गयीं थीं।
शिकायतकर्ता ग्राम प्रधान ने आरोप लगाया कि जिला पंचायत राज अधिकारी अपने पद का दुरुपयोग करते हुए उसके पक्ष में रिपोर्ट लिखने के लिए रिश्वत के रूप में 70 हजार रुपये की मांग कर रही हैं।
शिकायतकर्ता ने बताया कि किरण ने अपने सेवानिवृत्ति चालक विजेंद्र सिंह के माध्यम से रिश्वत मांगी थी, जिसकी शिकायत उन्होंने सतर्कता अधिष्ठान में की।
बयान में बताया गया कि शिकायत की गोपनीय जांच कराई गयी और जांच में मामला सही जाए पाए जाने के बाद मंगलवार को सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने किरण चौधरी और विजेंद्र सिंह को 70 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
बयान के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान की आगरा इकाई के थाने में सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)