एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | उत्तर प्रदेश : सवा लाख रुपये का इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बुलंदशहर जिले के गुलावठी थाना इलाके में रविवार देर रात उत्तर प्रदेश विशेष कार्यबल (एसटीएफ) और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान सवा लाख रुपये के इनामी बदमाश साहब सिंह को मार गिराया गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | उत्तर प्रदेश : सवा लाख रुपये का इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर

बुलंदशहर (उप्र), 20 फरवरी बुलंदशहर जिले के गुलावठी थाना इलाके में रविवार देर रात उत्तर प्रदेश विशेष कार्यबल (एसटीएफ) और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान सवा लाख रुपये के इनामी बदमाश साहब सिंह को मार गिराया गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया रविवार देर रात थाना गुलावठी पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम की एक अपराधी के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें अपराधी मारा गया। उसकी शिनाख्त फिरोजाबाद जिला निवासी कुख्यात बावरिया गिरोह के सदस्य साहब सिंह उर्फ सुनील सिंह के तौर पर हुई है।

उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) (नोएडा यूनिट) कुलदीप नारायण ने बताया कि कुख्यात बदमाशों की धरपकड़ के लिए एसटीएफ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजकुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई थी।

उन्होंने बताया, ‘‘रविवार रात को टीम को सूचना मिली कि किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से बुलंदशहर जिले के गुलावठी थाना क्षेत्र में कुछ बदमाश आ रहे हैं। सूचना के आधार पर एसटीएफ ने पुलिस के साथ मिलकर जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस को कुछ बदमाश आते दिखे। जब उन्हें रुकने का इशारा किया गया तो वे पुलिस पर गोली चलाते हुए भागने लगे।’’

उन्होंने बताया कि पुलिस की जबाबी कार्रवाई में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बदमाश पर गोंडा जिले से संबंधित एक मामले में एक लाख रुपये का इनाम तथा बुलंदशहर के एक मामले में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके ऊपर अब तक छह मुकदमों की जानकारी मिली है, जिसमें डकैती और डकैती के दौरान हत्या जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।

कुमार ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 20, 2023 10:26 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).