एजेंसी न्यूज

Diwali 2023: मुख्‍यमंत्री योगी ने प्रदेशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं, अयोध्या में रामलला के दर्शन-पूजन किये

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने रविवार को दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह त्योहार सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, सौभाग्य एवं आरोग्यता लेकर आए. मुख्‍यमंत्री ने रविवार को अयोध्या में श्री हनुमानगढ़ी पहुंचकर दर्शन-पूजन किया.

Diwali 2023: मुख्‍यमंत्री योगी ने प्रदेशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं, अयोध्या में रामलला के दर्शन-पूजन किये
(Photo : X)

लखनऊ, 12 नवंबर : उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने रविवार को दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह त्योहार सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, सौभाग्य एवं आरोग्यता लेकर आए. मुख्‍यमंत्री ने रविवार को अयोध्या में श्री हनुमानगढ़ी पहुंचकर दर्शन-पूजन किया. इसके बाद उन्‍होंने श्रीरामजन्मभूमि पहुंचकर भगवान रामलला के दर्शन किए और जनमानस के सुखी-स्वस्थ होने की प्रार्थना की. मुख्‍यमंत्री योगी ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्‍ट किया, ‘‘असत्य पर सत्य, अत्याचार पर सदाचार, अंधकार पर प्रकाश की विजय के महापर्व दीपावली की प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! प्रभु श्रीराम और माता जानकी की कृपा से यह पावन पर्व आप सभी के जीवन को सुख, समृद्धि, सौभाग्य एवं आरोग्यता के धवल प्रकाश से भर दे. जय श्री राम.’’

उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्‍स’ पर लिखा, ‘‘समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को आस्था, हर्षोल्लास व प्रकाश के महापर्व दीपोत्सव (दीपावली) की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. इस पावन पर्व पर मां लक्ष्मी जी और श्री गणेश जी आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और शांति की वर्षा करें.’’ उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ‘एक्‍स’ पर अपने शुभकामना संदेश में कहा, ‘‘हर्ष व प्रकाश के पावन पर्व दीपावली की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. दीपोत्सव का पावन पर्व आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, वैभव लाए.’’ यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार भव्य दीपोत्सव पर अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को दीपावली की सुबह श्री हनुमानगढ़ी पहुंचकर दर्शन-पूजन किया. इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री राम जन्मभूमि पहुंचकर भगवान रामलला के भी दर्शन पूजन किये और जनमानस के सुखी-स्वस्थ होने की प्रार्थना की. यह भी पढ़ें : पुलिस सुरक्षा मांगने की भाजपा के निष्कासित नेता श्रीकांत त्यागी की याचिका खारिज

इस दौरान मुख्यमंत्री ने संतों से मुलाकात की और कहा कि 90 के दशक में यहां कर्फ्यू लगता था, मगर अब दुनिया अयोध्या की तरफ आकर्षित हो रही है. गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ ,मणिराम दास जी की छावनी में महंत नृत्य गोपाल दास के पास पहुंचे. यहां उन्होंने महंत श्री के स्वास्थ्य के बारे में जाना. मुख्यमंत्री बड़ा भक्तमाल भी पहुंचे, जहां उन्होंने कौशल किशोर दास जी महाराज से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना. मुख्यमंत्री ने कारसेवकपुरम में साधु-संतों के साथ बैठक की और राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर चर्चा की. साथ ही साधु संतों के साथ अल्पाहार किया और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं. इस मौके पर ट्रस्ट के सदस्य व साधु संत मौजूद रहे. इसके बाद मुख्यमंत्री अयोध्या से गोरखपुर के लिए रवाना हो गए.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 12, 2023 04:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).