देश की खबरें | दलाई लामा से मुलाकात के लिए धर्मशाला पहुंचा अमेरिकी संसद का शिष्टमंडल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी संसद की विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष माइकल मैककॉल के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा से मुलाकात करने के लिए मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला पहुंचा।
धर्मशाला, 18 जून अमेरिकी संसद की विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष माइकल मैककॉल के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा से मुलाकात करने के लिए मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला पहुंचा।
मैककॉल के अलावा शिष्टमंडल में अमेरिकी संसद के छह और प्रमुख सदस्य शामिल हैं जिनमें - नैन्सी पेलोसी, मैरिएनेट मिलर, ग्रेगरी मीक्स, निकोल मैलियोटैकिस, जिम मैकगवर्न और एमी बेरा शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि शिष्टमंडल यहां दो दिवसीय दौरे पर है और बुधवार सुबह दलाई लामा से मुलाकात करेगा।
मैककॉल ने यहां गग्गल हवाई अड्डा पर पहुंचने के बाद इस दौरे को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘हम दलाई लामा से मिलने और कई चीजों पर बात करने को लेकर उत्साहित हैं, जिनमें अमेरिकी संसद द्वारा पारित विधेयक भी शामिल है, जिसमें मूल रूप से कहा गया है कि अमेरिका, तिब्बत के लोगों के साथ खड़ा है।’’
यह पूछे जाने पर कि क्या अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन इस विधेयक पर हस्ताक्षर करेंगे मैककॉल ने कहा, ‘‘हां, वह करेंगे।’’
सूचना एवं अंतरराष्ट्रीय संबंध विभाग की निर्वासित तिब्बती मंत्री डोलमा शेरिंग सहित केंद्रीय तिब्बती प्रशासन (सीटीए) के उच्चस्तरीय अधिकारियों ने हवाई अड्डा पर शिष्टमंडल का स्वागत किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)