(ललित के झा)
वाशिंगटन, 13 मई अमेरिकी न्याय विभाग ने एक संघीय अदालत में प्रस्ताव रखा है कि प्रतिस्पर्धात्मक चिंता के कारण भारतीय कंपनी हिंडाल्को के स्वामित्व वाली अमेरिकी कंपनी नोवेलिस को उत्तरी अमेरिका में स्थित एलेरिस के एल्युमीनियम ऑटोमोटिव बॉडी शीट कारोबार को बेचना होगा।
नोवेलिस ने हाल में एलेरिस का अधिग्रहण किया है। न्याय विभाग का कहना है कि नोवेलिस के एलेरिस का अधिग्रहण करने से ऑटोमोटिव बॉडी शीट बाजार में प्रतिस्पर्धा कम हो जाएगी।
अटलांटा मुख्यालय वाली नोवेलिस तीन खंडों में सपाट ढले हुए एल्यूमीनियम उत्पाद (इस्पात की चादर) बनाती है। ये खंड हैं- मोटर वाहन, पेय पदार्थ और विशेष उत्पाद। कंपनी की आय 31 मार्च, 2019 को समाप्त वित्त वर्ष में लगभग 12.3 अरब अमरीकी डालर थी।
नोवेलिस भारतीय कंपनी हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। नोवेलिस ने पिछले महीने 2.8 अरब डॉलर में एलेरिस का अधिग्रहण किया था।
आपसी सहमति से हुए एक समझौते के तहत नोवेलिस को उत्तरी अमेरिका में अपने ऑटोमोटिव बॉडी शीट कारोबार का विनिवेश करना होगा, जो लुईसपोर्ट में एकमात्र संयंत्र है।
पीटीआई- ने इससे पहले गलत ढंग से बताया था कि अमेरिका ने हिंडाल्को के स्वामित्व वाली नोवेलिस को एलेरिस के विनिवेश का प्रस्ताव दिया है। न्याय विभाग ने नोवेलिस से सिर्फ उत्तरी अमेरिका में ऑटोमोटिव बॉडी शीट कारोबार का विनिवेश करने के लिए कहा था। कंपनी ने इस बिक्री के बारे में उसी समय बताया था, जब वह एलेरिस के अधिग्रहण के बेहद करीब थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY