एजेंसी न्यूज

Adani Group: अदाणी समूह से जुड़ी खबर पर लोकसभा में हंगामा, कार्यवाही दो बजे तक स्थगित

कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने अदाणी समूह से संबंधित एक खबर को लेकर बृहस्पतिवार को लोकसभा में हगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही आरंभ होने के लगभग पांच मिनट बाद अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.

Adani Group: अदाणी समूह से जुड़ी खबर पर लोकसभा में हंगामा, कार्यवाही दो बजे तक स्थगित

नयी दिल्ली, 13 फरवरी : कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने अदाणी समूह से संबंधित एक खबर को लेकर बृहस्पतिवार को लोकसभा में हगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही आरंभ होने के लगभग पांच मिनट बाद अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. सदन की कार्यवाही आरंभ होते ही विपक्षी सदस्य नारेबाजी करने लगे. नारेबाजी के बीच ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल शुरू कराया और जलशक्ति मंत्रालय से संबंधित कुछ पूरक प्रश्न पूछे गए. बिरला ने विपक्षी सदस्यों से नारेबाजी बंद करने और कार्यवाही चलने देने की अपील की.

उन्होंने कहा, ‘‘आप प्रश्नकाल के दौरान नियोजित तरीके से गतिरोध करते हैं, यह अच्छी परंपरा नहीं है. आप (कांग्रेस) ने इतने साल शासन किया है....आप सदन में व्यवधान पैदा करना करते हैं.’’ बिरला का कहना था, ‘‘मैंने कहा है कि दोपहर 12 बजे विषय को रखने देंगे, लेकिन आप चर्चा नहीं चाहते. आप महत्वपूर्ण विषयों को सदन में नहीं लाना चाहते हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रश्नकाल में सरकार की जवाबदेही तय होती है. यह सबसे महत्वपूर्ण समय होता है. आप सदस्यों का अधिकार छीनना चाहते हैं.’’ यह भी पढ़ें : राज्यसभा में वक्फ विधेयक संबंधी संसदीय समिति की रिपोर्ट पेश, विपक्ष का भारी हंगामा

हंगामा नहीं थमने पर बिरला ने सदन की कार्यवाही पूर्वाह्न करीब 11 बजकर पांच मिनट पर अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी. विपक्षी सदस्यों ने जिस खबर को लेकर हंगामा किया, उसमें दावा किया गया है कि सरकार ने गुजरात में अदाणी समूह के नवीकरणीय ऊर्जा पार्क के लिए मार्ग प्रशस्त करने के मकसद से पाकिस्तान सीमा पर राष्ट्रीय सुरक्षा प्रोटोकॉल में ढील दी है. कांग्रेस का आरोप है कि सरकार ने इस कारोबारी समूह को फायदा पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डाला है. अदाणी समूह की ओर से इस आरोप पर फिलहाल प्रतिक्रिया नहीं आई है.

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 13, 2025 11:26 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).