देश की खबरें | उप्र : पत्नी पर पति की हत्या कर शव गड्ढे में दबाने का आरोप
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में आपसी झगड़े के बाद पत्नी ने अपने पति की कथित रूप से हत्या करके शव को घर में ही गड्ढा खोदकर दबा दिया।
शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश), 11 अगस्त उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में आपसी झगड़े के बाद पत्नी ने अपने पति की कथित रूप से हत्या करके शव को घर में ही गड्ढा खोदकर दबा दिया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, आरोपी महिला ने पुलिस पूछताछ में दावा किया है कि उसके पति ने आत्महत्या कर ली थी और उसने डर के चलते शव को गड्ढा खोदकर दबा दिया।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संजीव बाजपेई ने बृहस्पतिवार को दर्ज कराई गई रिपोर्ट के हवाले से बताया कि थाना गढ़िया रंगीन अंतर्गत खमरिया गांव में रहने वाले गोविंद (30) का अपनी पत्नी शिल्पी से सात अगस्त को झगड़ा हो गया था, जिसके बाद पत्नी ने कथित तौर पर गोविंद की हत्या कर दी तथा उसके शव को घर में ही गड्ढा खोदकर दबा दिया।
उन्होंने बताया कि जब घर से बदबू आई तो मोहल्ले वालों ने मृतक की मां को सूचना दी जो नासिक में अपने बेटे के साथ रहती हैं।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से शव को अपने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में शिल्पी ने पुलिस को बताया कि गोविंद शराब पीता था और आए दिन दोनों में झगड़ा होता रहता था।
बाजपेई ने कहा कि रविवार को पति-पत्नी में झगड़ा हुआ, जिसके बाद पत्नी छत पर सोने चली गई तथा पति नीचे सो गया।
उन्होंने कहा कि आरोपी ने पूछताछ में दावा किया कि रात में गोविंद ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिसके बाद वह काफी डर गई और उसने घर में गड्ढा खोदकर शव को दबा दिया।
बाजपेई ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 11, 2022 06:35 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

