UP: अस्थाई बिजली कनेक्शन धांधली मामले में तीन अधिकारी बर्खास्त
गौतम बुद्ध नगर जिले में बिजली के अस्थाई कनेक्शन देने में हुई कथित धांधली के मामले में बिजली विभाग के तीन अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया गया तथा कुछ को निलंबित किया गया है.
नोएडा, 12 जुलाई : गौतम बुद्ध नगर जिले में बिजली के अस्थाई कनेक्शन देने में हुई कथित धांधली के मामले में बिजली विभाग के तीन अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया गया तथा कुछ को निलंबित किया गया है. विद्युत विभाग के सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा में निर्माण कार्य के लिए अस्थाई बिजली कनेक्शन देने में हुई कथित धांधली के मामले में तत्कालीन अधिशासी अभियंता प्रभात कुमार सिंह, तत्कालीन उप खंड अधिकारी चंद्रवीर तथा अवर अभियंता विशाल शर्मा को बर्खास्त कर दिया गया है. इनसे पावर कारपोरेशन को हुई आर्थिक क्षति की वसूली के आदेश भी दिए गए हैं. यह कार्रवाई सोमवार को की गई.
सूत्रों के अनुसार, मामले में एक अधिशासी अभियंता, चार सहायक अभियंता, आठ अवर अभियंता तथा एक सहायक लेखाकार की वेतन वृद्धि रोकने और राजस्व क्षति की भरपाई के आदेश जारी किए गए हैं. गौरतलब है कि पिछले साल नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा में अलग-अलग विद्युत वितरण खंडों में निर्माण कार्यों के लिए अस्थाई बिजली कनेक्शन में बड़े पैमाने पर धांधली का खुलासा हुआ था. यह भी पढ़ें : छात्र की हत्या के आरोप में चार लड़के पकड़े गए
शुरुआती जांच के बाद 23 इंजीनियरों को इनके मौजूदा तैनाती स्थल से स्थानांतरित करते हुए चार्जशीट दी गई थी और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई थी. विद्युत निकाय प्रबंधन के सूत्रों का कहना है कि जांच में ग्रेटर नोएडा में सबसे ज्यादा शिकायतें सही पाई गईं और एक मोबाइल निर्माता कंपनी समेत कई बड़ी कंपनियों को अस्थाई कनेक्शन जारी करने में लापरवाही बरतने के आरोपों की पुष्टि हुई है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 12, 2022 11:26 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

