देश की खबरें | उप्र : मेरठ में स्कूल बस की टक्कर से तीन कांवड़िए घायल, बस में तोड़फोड़ की कोशिश
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई जब एक स्कूल बस ने जल लेकर जा रहे तीन कांवड़ियों को टक्कर मार दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मेरठ, 14 जुलाई उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई जब एक स्कूल बस ने जल लेकर जा रहे तीन कांवड़ियों को टक्कर मार दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक इस हादसे में तीनों श्रद्धालु घायल हो गए, जिसके बाद नाराज कांवड़ियों ने बस में तोड़फोड़ की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मामले को शांत कराया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना जिले के सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेगमपुल चौकी के पास दिल्ली मार्ग पर हुई। गाजियाबाद निवासी संदीप, बॉबी और अभिषेक हरिद्वार से जल लेकर लौट रहे थे, तभी कैंट अस्पताल के समीप पीछे से आई स्कूल बस कांवड़ियों से मामूली रूप से टकरा गई। टक्कर लगते ही तीनों कांवड़िए घायल हो गए।
इस घटना से आक्रोशित अन्य कांवड़ियों ने बस को घेर लिया और उसके शीशे तोड़ डाले। उन्होंने बस चालक के साथ मारपीट भी की, जो घबराकर वाहन छोड़कर भाग निकला। इस घटना के चलते कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ)-कैंट संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अधीक्षक (शहर) आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि घटना में तीन कांवड़िए मामूली रूप से घायल हुए थे, जिनको प्राथमिक उपचार के बाद आगे उनकी यात्रा के लिए भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि घटना से नाराज कांवड़ियों ने बस में तोड़फोड़ का प्रयास किया था, लेकिन पुलिस के समझाने के बाद मामला शांत हो गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 14, 2025 05:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

