देश की खबरें | उप्र : राज्यपाल ने विधानसभा गैलरी का दौरा कर आधुनिकीकरण कार्यों का अवलोकन किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शनिवार को राज्य विधानसभा गैलरी का दौरा कर वहां के नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण कार्यों का अवलोकन किया।

लखनऊ, 22 फरवरी उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शनिवार को राज्य विधानसभा गैलरी का दौरा कर वहां के नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण कार्यों का अवलोकन किया।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने उनका स्वागत किया।

राजभवन की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी। इस अवसर पर राज्यपाल ने विधानसभा परिसर में स्थित विभिन्न भित्तिचित्रों, अत्याधुनिक हाईटेक सुविधाओं, डिजिटल गैलरी और विधानसभा की ऐतिहासिक धरोहर को संजोने वाले नवाचारों को ध्यानपूर्वक देखा और सराहा।

उन्होंने डिजिटल म्यूजियम, साउंड एंड लाइट शो, विधानसभा के कार्यालय, बैठक कक्ष, राजर्षि पुरुषोत्तम दास हॉल, विधानसभा मंडप, संसदीय दल के कार्यालय का अवलोकन भी किया।

राज्यपाल ने विधानसभा में स्थापित भित्तिचित्रों का अवलोकन किया, जिनमें भारत की ऐतिहासिक घटनाओं और राजनीतिक परंपराओं को चित्रित किया गया है।

पटेल ने उत्तर प्रदेश विधानसभा में हुए नवीनीकरण के कार्यों और तकनीकी उन्नयन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विधानसभा का आधुनिकीकरण इसे भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बना रहा है।

इस दौरान उन्होंने विधानसभा डिजिटल गैलरी का भी अवलोकन किया, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, कैबिनेट मंत्रियों, राज्य मंत्रियों और विधायकों की तस्वीरों के साथ-साथ सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी डिजिटल माध्यम से प्रदर्शित की गयी है।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने राज्यपाल को रामायण की तीन खंडों वाली पुस्तक भेंट की। इसके साथ ही, विधानसभा अध्यक्ष ने राज्यपाल को उत्तर प्रदेश विधानसभा का स्मृति चिन्ह भी भेंट किया।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव, विधानसभा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\