देश की खबरें | उप्र:सपा ने सभी जिलों में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के लखनऊ सहित सभी जिलों में समाजवादी पार्टी (सपा) ने बृहस्पतिवार को भारतरत्न और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 38वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। एक बयान में यह जानकारी दी गयी।

लखनऊ, 29 मई उत्तर प्रदेश के लखनऊ सहित सभी जिलों में समाजवादी पार्टी (सपा) ने बृहस्पतिवार को भारतरत्न और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 38वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। एक बयान में यह जानकारी दी गयी।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने प्रदेश मुख्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

बयान के अनुसार, अखिलेश यादव ने कहा, “चौधरी साहब (चरण सिंह) ने सम्पूर्ण जीवन भारतीयता और ग्रामीण परिवेश में जिया। उनका विचार था कि भारत की प्रगति ग्रामीण विकास से ही संभव हो सकती है।”

यादव ने कहा कि उनका (चौधरी चरण सिंह) मानना था कि राष्ट्र की संपन्नता के लिए ग्रामीण क्षेत्र की क्रय शक्ति अधिक होने के साथ ग्रामीण क्षेत्र का उन्नयन आवश्यक है, उनके विचार समाज को सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनका यह भी मानना रहा है कि किसानों को उनकी फसल का लाभकारी मूल्य मिलना चाहिए।

यादव ने कहा कि कृषि क्षेत्र पर औद्योगीकरण को वरीयता देना उचित नहीं होगा।

सपा नेता ने कहा कि उन्होंने (चौधरी चरण सिंह ने) उत्तर प्रदेश में सामंती व्यवस्था की समाप्ति के लिए पुरजोर प्रयास किए थे।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश और केंद्र में जब से भाजपा की सरकार आई है किसानों की स्थिति बदहाल है।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा जुमला साबित हुआ।

यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां किसान विरोधी है, अन्नदाता की कोई सुनवाई नहीं हो रही है जबकि समाजवादी सरकार में किसानों की समृद्धि के लिए ठोस नीतिगत निर्णय लिए गए थे, जिसके तहत उनकी बुनियादी समस्याओं का समाधान किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now