एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | उप्र : कुशीनगर में घर में लगी आग में झुलसकर एक ही परिवार के छह लोगों की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जिले के रामकोला थाना अंतर्गत उर्धा गांव में एक घर में आग लग जाने से 38 वर्षीय महिला और उसके पांच बच्चों की झुलसकर मौत हो गई। बच्चों की उम्र एक से 10 साल के बीच थी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | उप्र : कुशीनगर में घर में लगी आग में झुलसकर एक ही परिवार के छह लोगों की मौत

कुशीनगर (उप्र), 15 जून जिले के रामकोला थाना अंतर्गत उर्धा गांव में एक घर में आग लग जाने से 38 वर्षीय महिला और उसके पांच बच्चों की झुलसकर मौत हो गई। बच्चों की उम्र एक से 10 साल के बीच थी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बुधवार की रात संगीता और उसके पांच बच्चे जब सो रहे थे, तभी उनके घर में आग लग गई। इस दौरान संगीता और उसके बच्चे घर में ही फंसे रह गए। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियों के साथ कर्मचारी घटनास्थल पहुंचे और आग बुझाई तथा परिवार के छह सदस्यों को बाहर निकाला, जो पहले ही दम तोड़ चुके थे।

पुलिस ने बताया कि मृतकों में संगीता (38), बेटा अंकित (10), बेटी लक्ष्मिनिया (नौ), बेटी रीता (तीन), गीता (दो) और बाबू (एक) शामिल हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और कुछ ही सेकंड में घर में रखे एलपीजी सिलेंडर तक पहुंच गई जिससे उसमें विस्फोट हो गया।

उन्होंने कहा कि महिला और उसके बच्चे रात में भोजन करने के बाद सोने चले गए थे, जबकि अत्य़धिक गर्मी की वजह से महिला का पति नवमी, उसके पिता और माता घर के बाहर सो रहे थे।

पुलिस ने कहा कि सबसे पहले टिन के शेड में आग लगने का पता चला जो जल्द पूरे घर में फैल गई और नवमी अपने परिवार को बचा नहीं पाया।

विस्फोट की आवाज सुनकर संगीता के पति, उसके माता-पिता और पड़ोसियों ने महिला और उसके बच्चों को बचाने की कोशिश की लेकिन वे दम तोड़ चुके थे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और जिले के अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल के साथ घटनास्थल का दौरा करने वाले जिलाधिकारी (डीएम) रमेश रंजन ने कहा कि आग इतनी भीषण थी कि घर के अंदर मौजूद किसी भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका।

उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि आग शार्ट सर्किट के कारण लगी और आग घर में रखे गैस सिलेंडर तक पहुंच हुई जिससे सिलेंडर में विस्फोट हुआ। हालांकि आग लगने के कारण की जांच की जा रही है।

डीएम ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्रशासन पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है और उनके इस मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये देने की घोषणा की है।’’

पुलिस ने कहा कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 15, 2023 03:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).