देश की खबरें | उप्र : शामली में सात और जौनपुर में 10 मार्च से शुरू होगा सांस्कृतिक महोत्सव

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से शामली और जौनपुर में सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। सोमवार को जारी एक सरकारी बयान के अनुसार शामली महोत्सव की शुरुआत सात मार्च को होगी और यह महोत्सव 10 मार्च तक चलेगा। जौनपुर महोत्सव का आयोजन 10 से 12 मार्च तक होगा।

लखनऊ, तीन मार्च उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से शामली और जौनपुर में सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। सोमवार को जारी एक सरकारी बयान के अनुसार शामली महोत्सव की शुरुआत सात मार्च को होगी और यह महोत्सव 10 मार्च तक चलेगा। जौनपुर महोत्सव का आयोजन 10 से 12 मार्च तक होगा।

राज्य के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के हवाले से बयान में कहा गया कि इन महोत्सवों में कला-संस्कृति के साथ-साथ पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण होंगे।

जयवीर सिंह ने बताया कि शामली जिले में सात से 10 मार्च तक वी.वी. पीजी कॉलेज के प्रांगण में भव्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आगंतुक स्वादिष्ट व्यंजन, खेल, मनोरंजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों आदि का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा इन महोत्सव में हस्तशिल्प उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला प्रस्तुत की जाएगी।

शामली महोत्सव में स्कूली बच्चों के कार्यक्रम, लेजर शो, कवि सम्मेलन आदि विशेष आकर्षण होंगे।

सिंह ने बताया कि जौनपुर के शाही किले में जौनपुर महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, कवि सम्मेलन, सामूहिक विवाह तथा पर्यटकों के लिए विशेष आयोजन होंगे।

मंत्री ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से विकास करने वाला राज्य है। धार्मिक-आध्यात्मिक और प्राकृतिक पर्यटन के साथ यहां की संस्कृति, हस्तशिल्प कला, व्यंजन आदि पर्यटकों को खूब लुभाते हैं। हमारा प्रयास है कि राज्य की इन विरासतों को बढ़ावा मिले और देश-दुनिया से आने वाले पर्यटकों को इसका लाभ मिले।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\