एजेंसी न्यूज

UP Triple Talaq: भाई को गुर्दा डोनेट करने पर पति हुआ नाराज, सऊदी से फोन पर पत्नी को दिया तलाक, केस दर्ज

गोंडा जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र में अपने भाई की जान बचाने के लिए गुर्दा दान करने वाली महिला को विदेश में नौकरी कर रहे उसके पति द्वारा तीन तलाक दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है.

UP Triple Talaq: भाई को गुर्दा डोनेट करने पर पति हुआ नाराज, सऊदी से फोन पर पत्नी को दिया तलाक, केस दर्ज
प्रतिकात्मक तस्वीर (Photo : File)

गोंडा (उप्र), 22 दिसंबर : गोंडा जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र में अपने भाई की जान बचाने के लिए गुर्दा दान करने वाली महिला को विदेश में नौकरी कर रहे उसके पति द्वारा तीन तलाक दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है. सदर क्षेत्र की पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) शिल्पा वर्मा ने शुक्रवार को बताया कि पीड़ित महिला तरन्नुम (42) की तहरीर पर जिले के धानेपुर थाने में उसके पति मोहम्मद रशीद के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है.

वर्मा ने बताया कि 25 साल पहले जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र के बौरियाही गांव की निवासी तरन्नुम का निकाह पड़ोसी गांव जैतापुर के निवासी मोहम्मद रशीद के साथ हुआ था. शादी के पांच साल बाद तक तरन्नुम को कोई संतान न होने पर मोहम्मद रशीद ने दूसरी शादी कर ली और खुद कमाने के लिए सऊदी अरब चला गया. सीओ ने बताया कि मुंबई में रहकर सिलाई का काम करने वाले तरन्नुम के बड़े भाई मोहम्मद शाकिर का गुर्दा खराब था और उसका इलाज मुंबई के जसलोक अस्पताल में चल रहा था. डॉक्टरों ने उसका जीवन बचाने के लिए गुर्दा प्रतिरोपण किए जाने की सलाह दी. इस पर तरन्नुम ने अपने भाई की जान बचाने के लिए सऊदी अरब में अपने पति से बात करके अपना एक गुर्दा भाई को दान कर दिया. यह भी पढ़ें : Bihar: खरगे को कोई नहीं जानता, नीतीश कुमार PM बनेंगे, उन्हें हर कोई जानता है: JDU विधायक गोपाल मंडल

दर्ज शिकायत के हवाले से सीओ ने बताया कि बाद में तरन्नुम के पति ने उसे फोन कर भाई को गुर्दा देने के बदले में उससे 40 लाख रुपये मांगने के लिए कहा. तरन्नुम के मना करने पर करीब चार माह पूर्व उसके पति ने वाट्सएप पर फोन कर तीन बार तलाक बोलकर उसे तलाक दे दिया. तरन्नुम ने यह बात ससुराल वालों को बताई जिन्होंने उसे घर से निकाल दिया. तब से वह अपने मायके में ही रह रही है. सीओ वर्मा ने कहा कि धानेपुर थाने में पीड़ित महिला की शिकायत पर उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है.

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 22, 2023 02:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).