एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | उप्र : कांवड़ यात्रा को लेकर मेरठ में हुई उच्चस्तरीय बैठक

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने की तैयारियों के बीच मंगलवार को मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह एवं पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने इस यात्रा को लेकर मेरठ में एक उच्चस्तरीय बैठक की।

देश की खबरें | उप्र : कांवड़ यात्रा को लेकर मेरठ में हुई उच्चस्तरीय बैठक

मेरठ (उप्र), आठ जुलाई कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने की तैयारियों के बीच मंगलवार को मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह एवं पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने इस यात्रा को लेकर मेरठ में एक उच्चस्तरीय बैठक की।

मंडलायुक्त सभागार में आयोजित हुई इस बैठक में मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़, मुरादाबाद मंडल एवं उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान राज्यों के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

इस बैठक में मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने खाद्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि होटलों, ढाबों तथा कांवड़ियों की सेवा के लिए स्थापित किए जाने वाले शिविरों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच का प्रबंध किया जाये ताकि खाद्य विषाक्तता जैसी घटनाएं न हों और शिविरों में बाहरी व्यक्ति न घुसें, इसका ध्यान रखा जाए।

कांवड़ यात्रा में बजाए जाने वाले डीजे की ऊंचाई के संबंध में मुख्य सचिव ने कहा कि जहां से कांवड़ यात्रा शुरू होती है वहां के अधिकारी कांवड़ समिति की बैठक कर लें तथा पहले ही चेकपोस्ट पर डीजे की ऊंचाई को देख लिया जाये। डीजे पर फूहड़ और अश्लील गाने न बजाये जाएं।

उन्होंने कहा कि शिविर तय किये गये मानकों के अनुसार सड़क को छोड़कर नियत दूरी पर लगाये जाएं। कांवड़ियों को पेयजल, खानपान, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था आदि की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये। कहीं पर भी कांवड़ मार्ग क्षतिग्रस्त न रहे।

सिंह ने लोक निर्माण विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को कांवड़ मार्ग की सड़कों की मरम्मत कराये जाने के निर्देश दिये।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2025 10:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).