एजेंसी न्यूज

उप्र कांग्रेस के नेता की रिहाई के लिए उनके बच्चों ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया

प्रदेश कांग्रेस के नेता सचिन चौधरी ने कथित तौर पर बिना अनुमति के संवाददाता सम्मेलन किया था।

उप्र कांग्रेस के नेता की रिहाई के लिए उनके बच्चों ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया
जमात

नयी दिल्ली, 29 अप्रैल उत्तर प्रदेश कांग्रेस के एक नेता के दो बच्चों ने अपने पिता की रिहाई के लिए उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है जिन्हें कोरोना वायरस से निपटने के उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘‘तौर-तरीकों पर कथित रूप से सवाल’’ करने पर गिरफ्तार किया गया था।

प्रदेश कांग्रेस के नेता सचिन चौधरी ने कथित तौर पर बिना अनुमति के संवाददाता सम्मेलन किया था।

चौधरी के दो बच्चों ने अपनी याचिका में दावा किया है कि अमरोहा पुलिस ने 11 अप्रैल को उनके पिता सचिन चौधरी के खिलाफ संवाददाता सम्मेलन करने के लिए प्राथमिकी दर्ज की और बाद में उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

उनके बच्चों की आयु दो साल और सात साल है।

यह याचिका प्रधान न्यायाधीश एस ए बोबडे की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बृहस्पतिवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध है।

बच्चों ने अपनी मां के जरिए सर्वोच्च अदालत का दरवाजा खटखटाया है। याचिका में कहा गया है कि उनके पिता ने लॉकडाउन के कारण जरूरतमंद प्रवासी मजदूरों के बीच भोजन और अन्य आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया था।

वकील एस सिंह द्वारा दायर याचिका में कहा गया है कि याचिकाकर्ता के पिता कांग्रेस पार्टी से जुड़े हैं जो सत्तारूढ़ पार्टी की मुख्य प्रतिद्वंद्वी हैं और राजनीतिक प्रतिशोध के कारण उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2020 11:03 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).