देश की खबरें | उप्र : संभल में 70 अवैध चिकित्‍सालयों के खिलाफ कार्रवाई, 50 से अधिक मामले दर्ज

संभल, 18 अप्रैल उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पिछले एक सप्ताह में स्वास्थ्य विभाग ने लगभग 70 झोलाछाप (अयोग्‍य) चिकित्सकों और अवैध चिकित्‍सालयों के खिलाफ कार्रवाई की और मामले में 50 से अधिक प्राथमिकी दर्ज करायी गयी। जिले के मुख्‍य चिकित्‍सा अधिकारी (सीएमओ) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सीएमओ तरुण कुमार पाठक ने संवाददाताओं को बताया कि जिले के तीन सेक्टरों संभल, गुन्नौर और चंदौसी में अपंजीकृत स्वास्थ्य सुविधाओं की पहचान करने और उन्हें बंद करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया था।

इसके परिणामस्वरूप, लगभग 70 अवैध अस्पताल और क्लीनिक बंद कर दिए गए हैं। इसके अलावा, इन अवैध प्रतिष्ठानों को चलाने वाले 50 से अधिक व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

पाठक ने कहा कि "अवैध रूप से चल रहे और बिना किसी पंजीकरण के कार्य कर रहे झोलाछाप चिकित्सकों और प्रयोगशाला के खिलाफ कार्रवाई की गयी।"

उन्होंने कहा, "पिछले एक हफ्ते में हमने जिले के तीन सेक्टरों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। हमारे पास पंजीकृत नहीं होने वाले 70 अस्पतालों और क्लीनिकों की पहचान कर उन्हें बंद कर दिया गया है और 50 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। आने वाले दिनों में भी झोलाछाप चिकित्सकों और अवैध क्लीनिकों के खिलाफ हमारा अभियान जारी रहेगा।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)