देश की खबरें | उप्र: अयोध्या में 10 लाख, काशी विश्वनाथ में 7.41 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किये दर्शन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुम्भ के साथ-साथ देश और विदेश से यहां पहुंचे श्रद्धालु अब राज्य के अन्य धार्मिक स्थलों की ओर रुख कर रहे हैं। एक बयान में यह जानकारी दी गयी।
महाकुम्भ नगर, 16 जनवरी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुम्भ के साथ-साथ देश और विदेश से यहां पहुंचे श्रद्धालु अब राज्य के अन्य धार्मिक स्थलों की ओर रुख कर रहे हैं। एक बयान में यह जानकारी दी गयी।
बयान के मुताबिक, संगम में स्नान के बाद श्रद्धालु 13, 14 और 15 जनवरी को श्रृंगवेरपुर, चित्रकूट, वाराणसी, मां विंध्यवासिनी धाम, नैमिषारण्य व अयोध्या में दर्शन-करने पहुंचे।
बयान में बताया गया कि अब तक तकरीबन सात करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने महाकुम्भ में स्नान किया।
आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि अयोध्या में तीन दिन में तकरीबन 10 लाख, काशी विश्वनाथ मंदिर में 7.41 लाख, विंध्यवासिनी धाम में पांच लाख और नैमिषारण्य धाम सीतापुर में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किये।
सूत्रों के मुताबिक, इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के इन क्षेत्रों में पहुंचने से स्थानीय रोजगार को भी काफी बढ़ावा मिल रहा है।
बयान के मुताबिक, काशी विश्वनाथ मंदिर में 13 जनवरी को 2.19 लाख, 14 जनवरी को 2.31 लाख और 15 जनवरी को 2.90 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किये।
वहीं विंध्यवासिनी धाम में पांच लाख और नैमिषारण्य धाम में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किये।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अयोध्या जिला प्रशासन दर्शनार्थियों के लिए सारी व्यवस्थाएं उपलब्ध करा रहा है और तकरीबन 10 लाख से अधिक श्रद्धालु तीन दिन में यहां पहुंचे हैं।
अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरण नैयर ने बताया कि अयोध्या धाम को पांच जोन और 12 सेक्टर में विभाजित कर दो पालियों में पुलिस बल को तैनात किया गया है।
उन्होंने बताया कि मुख्य स्नान पर्व पर राजपत्रित अधिकारी-थाना प्रभारी की ड्यूटी अलग से लगायी जायेगी।
अधिकारी ने बताया कि इसके अतिरिक्त पीएसी बल, बाढ़ राहत दल को भी तैनात किया गया है और सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष के जरिये निरन्तर निगरानी भी की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 16, 2025 05:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

