देश की खबरें | पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की माल उतारने की दर में वृद्धि
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने मौजूदा वित्त वर्ष में अप्रैल से लेकर जनवरी तक माल उतारने की दर में करीब नौ प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
गुवाहाटी, पांच फरवरी पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने मौजूदा वित्त वर्ष में अप्रैल से लेकर जनवरी तक माल उतारने की दर में करीब नौ प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
एनएफआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) सब्यसाची डे ने बताया कि भारतीय रेलवे की पूर्वोत्तर शाखा हाल-फिलहाल में माल उतारने की दर में लगातार तेजी से वृद्धि कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘मौजूदा वित्त वर्ष में अप्रैल 2022 से जनवरी 2023 के दौरान माल लेकर आ रही रेलगाड़ियों ने 12,180 फेरे लगाए। यह पिछले वित्त वर्ष में इस दौरान लगाए गए फेरों के मुकाबले 8.78 प्रतिशत अधिक है।’’
डे ने कहा कि अकेले जनवरी में 1,301 ट्रेन से माल उतारा गया। यह आंकड़ा पिछले साल की इसी अवधि से 3.6 प्रतिशत अधिक है।
उन्होंने कहा, ‘‘पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने एफसीआई चावल, चीनी, नमक, खाद्य तेल, अनाज, उर्वरक, सीमेंट, कोयला, सब्जी, ऑटोमोबाइल, टैंक, कंटेनर और अन्य सामान ढोए हैं तथा उन्हें अपने अधिकार क्षेत्र के तहत विभिन्न स्थानों पर उतारा है।’’
डे ने बताया, ‘‘जनवरी में असम में माल लेकर आ रही ट्रेन ने 705 फेरे लगाए। इसके बाद, त्रिपुरा में 116 फेरे, नगालैंड में 22 फेरे, अरुणाचल प्रदेश में आठ फेरे, मणिपुर में छह फेरे और मिजोरम में पांच फेरे लगाए गए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसके साथ ही पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अधिकार क्षेत्र में इस महीने के दौरान पश्चिम बंगाल और बिहार में माल लेकर आ रही ट्रेन ने क्रमश: 220 और 219 फेरे लगाए।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)