एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | बिहार में राजग के खिलाफ अभियान चलाएगा संयुक्त किसान मोर्चा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने सोमवार को घोषणा की कि वह बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव में “भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को सजा देने के लिए” वहां लोगों के बीच अभियान चलाएगा और 10 महापंचायतें आयोजित करेगा।

देश की खबरें | बिहार में राजग के खिलाफ अभियान चलाएगा संयुक्त किसान मोर्चा

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने सोमवार को घोषणा की कि वह बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव में “भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को सजा देने के लिए” वहां लोगों के बीच अभियान चलाएगा और 10 महापंचायतें आयोजित करेगा।

एसकेएम ने नयी श्रम संहिताओं के खिलाफ 20 मई को केंद्रीय मजदूर संघों (सीटीयू) द्वारा आहूत आम हड़ताल को भी समर्थन दिया और कहा कि किसानों और कृषि श्रमिकों द्वारा बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

रविवार को एसकेएम की आम सभा की बैठक के बाद जारी एक बयान में किसान संगठनों के इस शीर्ष निकाय ने कहा कि वे शुल्क मुद्दे पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस की यात्रा के दौरान विरोध प्रदर्शन करेंगे। वेंस सोमवार को चार दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंचे।

आमसभा ने नवंबर में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में “भारतीय जनता पार्टी और राजग को सजा देने के लिए” बिहार में लोगों के बीच अभियान चलाने और 10 महापंचायतें आयोजित करने की घोषणा की।

किसान संगठन ने कहा, “एसकेएम की आमसभा की कल नयी दिल्ली में देशभर के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें कॉरपोरेट समर्थक चार श्रम संहिताओं और निजीकरण सहित अन्य मांगों के खिलाफ 20 मई 2025 को केंद्रीय मजदूर संघों (सीटीयू) द्वारा आहूत श्रमिकों की अखिल भारतीय आम हड़ताल का समर्थन करने का निर्णय लिया गया।”

एसकेएम ने दावा किया, “चार श्रम संहिताएं नियुक्ति और बर्खास्तगी नीति के आधार पर ठेका मजदूरी को वैध बनाती हैं। एक बार श्रम संहिताएं लागू हो जाने पर, इससे न केवल मौजूदा कार्यबल के अधिकार प्रभावित होंगे, बल्कि सभी क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों की पूरी नयी पीढ़ी भी प्रभावित होगी।”

अमेरिका द्वारा शुरू किए गए ‘शुल्क युद्ध’ के बीच एसकेएम अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस की यात्रा का विरोध कर रहा है।

किसान संगठन ने कहा कि वे “मोदी सरकार पर अनुचित व्यापार शर्तें थोपने और अमेरिकी कृषि उत्पादों का भारत में अंबार लगाकर खपाने के लिए दबाव डालने के अमेरिकी प्रयासों के खिलाफ 21 से 23 अप्रैल 2025 के बीच डोनाल्ड ट्रंप, नरेन्द्र मोदी और वेंस के पुतले जलाएंगे।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 21, 2025 09:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).