हरिद्वार, 11 जुलाई केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान ने मंगलवार को समान नागरिक संहिता के समर्थन मे हरिद्वार से कांवड़ यात्रा शुरू की।
भारी बारिश के बीच यहां पहुंचे केंद्रीय पशुपालन, मत्स्य एवं डेयरी विकास राज्य मंत्री बालियान ने पहले संतो से मिलकर उनका आशीर्वाद लिया और उसके बाद मां गंगा का पूजन करने के बाद कांवड़ में गंगा जल भरकर अपनी यात्रा शुरू की ।
बालियान हरिद्वार से मुजफ्फरनगर तक की पैदल यात्रा के दौरान लोगों से समान नागरिक संहिता के बारे मे बात करेंगे और रास्तें में कहीं-कहीं छोटी सभाएं भी करेंगे ।
देश की धर्मनगरी कहे जाने वाले हरिद्वार में सावन के माह में इस समय कांवड़ यात्रा चल रही है जहां बम बम भोले के जयकारों के बीच चारों ओर गंगाजल भरने आ रहे शिवभक्त ही दिखाई दे रहे हैं ।
उन्हीें के बीच बालियान अपनी कांवड़ में गंगा जल भर कर उसे अपने कंधों पर उठाकर बम बम भोले का जयकारा लगाते हुए अपने समर्थकों के साथ पैदल रवाना हुए ।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ ही उन्होंने समान नागरिक संहिता के समर्थन मे अपनी कांवड़ यात्रा शुरू की है। उन्होंने बताया कि अपनी यात्रा में वह लोगों को समान नागरिक संहिता के लाभों के बारे में जागरूक करेंगे तथा कुछ स्थानों पर नुक्कड़ सभाए भी करेंगे।
उन्होंने कहा कि हर साल करोड़ों लोग कांवड़ में गंगाजल भरने के लिए हरिद्वार आते हैं और इस बार चार करोड़ से ज्यादा कावड़ियों के गंगाजल लेकर जाने की उम्मीद है ।
मंत्री ने कहा कि उन्होंने अपनी कांवड़ में जल भरने से पहले मां गंगा और संतों से आशीर्वाद लिया क्योंकि उनके आशीर्वाद के कारण ही ऐसे मौसम में भी करोड़ों कावड़िए गंगाजल भरकर लेकर जा रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY