देश की खबरें | केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तेलुगू फिल्मों के अभिनेता जूनियर एनटीआर से मुलाकात की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार की रात तेलुगू फिल्मों के मशहूर अभिनेता जूनियर एनटीआर से मुलाकात की।

हैदराबाद, 22 अगस्त केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार की रात तेलुगू फिल्मों के मशहूर अभिनेता जूनियर एनटीआर से मुलाकात की।

शाह रविवार को एक दिवसीय तेलंगाना दौरे पर आए थे।

शाह ने ट्वीट किया, ‘‘ हैदराबाद में तेलुगू सिनेमा के बेहतरीन अभिनेता जूनियर एनटीआर के साथ बातचीत की।’’

जूनियर एन टी रामाराव तेलुगू देशम पार्टी के संस्थापक और अविभाजित आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन टी रामाराव के बेटे दिवंगत हरि कृष्ण के पुत्र हैं। उन्हें जूनियर एनटीआर के नाम से जाना जाता है।

शाह के ट्वीट के जवाब में जूनियर एनटीआर ने लिखा,‘‘ अमित शाह जी, आपसे मिलकर और बातचीत करके बहुत खुशी हुई। अपनापन भरे शब्दों के लिए शुक्रिया।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एवं सांसद बंडी संजय कुमार ने बताया कि यह एक निजी मुलाकात थी और वह भी उसमें शामिल नहीं हुए।

भाजपा के कुछ सूत्रों ने दावा किया कि शाह ने अनुभवी निर्देशक एसएस राजामौली की हाल में आयी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘आरआरआर’ में जूनियर एनटीआर के अभिनय की सराहना की।

ऐसी अटकलें हैं कि जूनियर एनटीआर के प्रशंसकों और तेलंगाना में आंध्र प्रदेश के मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए यह बैठक की गई।

अभिनेता ने 2009 में तेलुगू देशम पार्टी के लिए प्रचार किया था, लेकिन उसके बाद से वह पार्टी के मामलों और राजनीति से दूर ही हैं।

बाल कलाकार के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने वाले जूनियर एनटीआर को हाल में आयी ‘आरआरआर’ फिल्म से राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति मिली।

इसके अलावा, शाह ने रामोजी राव से भी मुलाकात की।

शाह ने ट्वीट किया, ‘‘ श्री रामोजी राव गारू का जीवन फिल्म उद्योग और मीडिया से जुड़े लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हैदराबाद में उनके आवास पर मुलाकात की।’’

शाह ने रविवार को तेलंगाना के अपने एक दिवसीय दौरे पर नलगोंडा जिले के मुनुगोड़े में एक जनसभा को संबोधित किया, जहां कांग्रेस विधायक के राजगोपाल रेड्डी भाजपा में शामिल हुए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now