देश की खबरें | बेरोजगारी अपने चरम पर; 60 लाख स्वीकृत सरकारी पद रिक्त पड़े हैं: वरुण गांधी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद वरुण गांधी ने एक बार फिर बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए शनिवार को कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में केंद्र और राज्य सरकार के 60 लाख से अधिक स्वीकृत पद रिक्त हैं तथा बेरोजगारी तीन दशकों में अपने सर्वोच्च स्तर पर है।

नयी दिल्ली, 28 मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद वरुण गांधी ने एक बार फिर बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए शनिवार को कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में केंद्र और राज्य सरकार के 60 लाख से अधिक स्वीकृत पद रिक्त हैं तथा बेरोजगारी तीन दशकों में अपने सर्वोच्च स्तर पर है।

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से सांसद गांधी ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक चार्ट जारी किया जिसमें क्षेत्रवार सरकारी नौकरियों का जिक्र है।

गांधी ने कहा, ‘‘जब बेरोजगारी तीन दशकों के सर्वोच्च स्तर पर है तब ये आंकड़े चौंकाने वाले हैं। जहां भर्तियां नहीं होने से करोड़ों युवा हताश और निराश हैं, वहीं ‘सरकारी आंकड़ों’ की ही मानें तो देश में 60 लाख ‘स्वीकृत पद’ खाली हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कहां गया वह बजट जो इन पदों के लिए आवंटित था? यह जानना हर नौजवान का हक है।’’

गांधी ने इस सप्ताह की शुरुआत में भी सरकारी पदों पर रिक्तियों का मुद्दा उठाया था और कहा था कि नौकरी के इच्छुक लोग हताश हैं तथा प्रशासनिक अक्षमता की कीमत चुका रहे हैं।

वह अब निरस्त किए जा चुके तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन के समर्थन में खुलकर सामने आए थे, जबकि केंद्र में उनकी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार कानूनों का बचाव कर रही थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now