देश की खबरें | बेरोजगार शिक्षकों, सरकारी कर्मचारियों ने नौकरी बहाली और डीए वृद्धि की मांग को लेकर हावड़ा में रैली निकाली
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल में सोमवार को सैकड़ों बेरोजगार स्कूली शिक्षकों और राज्य सरकार के सेवारत कर्मचारियों ने राज्य सचिवालय ‘नबन्ना’ की प्रतिकृति और तख्तियां लेकर हावड़ा की सड़कों पर रैली निकाली और नौकरी की बहाली एवं महंगाई भत्ते (डीए) में वृद्धि की मांग की।
कोलकाता, 28 जुलाई पश्चिम बंगाल में सोमवार को सैकड़ों बेरोजगार स्कूली शिक्षकों और राज्य सरकार के सेवारत कर्मचारियों ने राज्य सचिवालय ‘नबन्ना’ की प्रतिकृति और तख्तियां लेकर हावड़ा की सड़कों पर रैली निकाली और नौकरी की बहाली एवं महंगाई भत्ते (डीए) में वृद्धि की मांग की।
रैली का आयोजन ‘संग्रामी जोथो मंच’ ने किया, जो बेरोजगार स्कूली शिक्षकों और राज्य सरकार के सेवारत कर्मचारियों का एक संयुक्त मंच है।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए फोरशोर रोड पर स्टील के दो ऊंचे बैरिकेड लगाए थे, जिसके बाद रैली में शामिल लोग सड़क पर बैठ गए और कहा कि जब तक मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उनकी मांगों पर विचार नहीं करतीं, वे तब तक वहां से नहीं हटेंगे।
रैली का नेतृत्व कर रहे मंच के संयोजक आशीष खमरूई ने कहा, “हमारी मांगों में 26,000 शिक्षकों की बहाली शामिल है, जो उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद बेरोजगार हो गए हैं। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर तत्काल भर्ती की जानी चाहिए।”
खमरूई ने कहा, “हम पिछले तीन साल से मध्य कोलकाता के शहीद मीनार इलाके में विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। अगर हमारी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो हम अनिश्चित काल तक यहीं सड़क पर बैठने के लिए तैयार हैं।”
राज्य कर्मचारी आशीष बनर्जी ने कहा कि ममता सरकार शीर्ष अदालत के हालिया आदेश के अनुसार महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी करने में विफल रही है।
उन्होंने कहा, “अब वे हमारी रैली के बारे में कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देश का हवाला दे रहे हैं, जबकि अदालत ने हमें रैली निकालने से कभी मना नहीं किया। उसने सिर्फ इतना कहा था कि प्रदर्शन से मंगला हाट जैसी सार्वजनिक जगहों पर कोई व्यवधान नहीं पैदा होना चाहिए।”
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने और वापस जाने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी वहीं डटे रहे।
पुलिस के एक अधिकारी ने लाउडस्पीकर पर घोषणा की, “हमें कदम उठाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा, क्योंकि कलकत्ता उच्च न्यायालय ने हावड़ा शहर क्षेत्र में लोगों को एकत्र होने की अनुमति नहीं दी है। कृपया कानून का पालन करें।”
इस घोषणा का प्रदर्शनकारियों पर ज्यादा असर नहीं हुआ, क्योंकि वे सड़क पर ही डटे रहे, जबकि पुलिस और आरएएफ के जवान पास में ही खड़े थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 28, 2025 03:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

